सरोजनीनगर में नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी

Lucknow
  • तीन स्थानों पर हुए आयोजन, कलाकारों ने सरल तरीके से योजनाओं के लाभ बताए

लखनऊ। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरोजनीनगर में तीन स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने नाटक और संवाद के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी लोगों को सरल और मनोरंजक तरीके से दी। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से भी गीत एवं नाटक जैसे माध्यमों से सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार को महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया है।

सरोजनीनगर प्रथम क्षेत्र में शनि मंदिर चौराहा, हिंदनगर, सरोजनीनगर द्वितीय में आशियाना सेक्टर-एम1 स्थित रिक्शा कॉलोनी तथा सरोजनीनगर तृतीय में शनि मंदिर, तेलीबाग चौराहा पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। तीनों स्थानों पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कलाकारों ने पात्रों और संवादों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और उनके उपयोग से जुड़ी जानकारी समझाई।

  • कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में महानगर की ओर से कार्यक्रम संयोजक के रूप में प्रतिनिधित्व किया गया। वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश कुमार मिश्रा के साथ नुक्कड़ नाटक की संयोजिका अमृता वर्मा, नगर कार्यकारिणी सदस्य शिव शंकर विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष विनोद मौर्य, पूर्व मंडल महामंत्री श्याम मोहन गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष राज कपूर वर्मा, मंडल अध्यक्ष केके श्रीवास्तव और उमेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में जनसेवा और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।