- एसडीएम अभिषेक सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र दिया

लखनऊ। बिजनौर स्थित आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेज में 20वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरोजनीनगर के एसडीएम अभिषेक सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अपने उद्देश्य के प्रति निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने अब्राहम लिंकन का उदाहरण देते हुए कहा कि लगातार प्रयास और संघर्ष के बाद उन्होंने सफलता हासिल की। एसडीएम ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता की कोई निश्चित उम्र नहीं होती, किसी को मंजिल जल्दी मिलती है तो किसी को देर से, लेकिन निरंतर प्रयास करने वाला व्यक्ति अपने लक्ष्य तक अवश्य पहुंचता है।

- दो दशक की शैक्षिक यात्रा और उपलब्धियों को किया साझा
समारोह में आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रबंध निदेशक डॉ. सशक्त सिंह ने वर्ष 2006 से अब तक संस्थान की दो दशक लंबी शैक्षिक यात्रा और उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि छोटे स्तर से शुरू हुई आर्यकुल की यात्रा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निरंतर प्रयास और विद्यार्थियों के समर्पण के साथ आगे बढ़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए नियमित पढ़ाई करने और माता-पिता की आज्ञा का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
- फार्मेसी टॉपर अपेक्षा सिंह सम्मानित, अनुशासन और मेहनत का संदेश
इस अवसर पर फार्मेसी की टॉपर छात्रा अपेक्षा सिंह को एसडीएम अभिषेक सिंह ने सम्मानित किया। डीन रुचि सिंह ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन और निरंतर मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में आर्यकुल लखनऊ के साथ सीतापुर और रायबरेली की प्रधानाचार्य भी उपस्थित रहीं। समारोह में रजिस्ट्रार सुदेश तिवारी, प्रधानाचार्य डॉ. आदित्य सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. अंकिता अग्रवाल, प्रो. बीके सिंह, प्रो. एमके अग्रवाल, डॉ. स्तुति वर्मा सहित शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने समारोह में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। 20वें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्थान की दो दशक की शैक्षिक यात्रा और उपलब्धियों को याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने का संकल्प लिया गया।
