शाहजहांपुर में मूसलाधार बारिश के बाद खन्नौत नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। नदी का पानी लोधीपुर पुल से काफी ऊपर पहुंचने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर महानगर तक तबाही का मंजर है। सिंधौली ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों समेत महानगर के चार प्रमुख मोहल्लों में बाढ़ का पानी घुस गया है। मऊ इलाके में पानी कमर तक आ चुका है। लोधीपुर के तटीय इलाकों में तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। कई कॉलोनियां जलमग्न हैं।
बाढ़ में फंसे लोगों को मोटरबोट से सुरक्षित निकाला गया। नदी के उफान से वार्ड संख्या-03 लोधीपुर, अक्षरधाम कॉलोनी और इंदिरा नगर की कई गलियां पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं। सड़कों के दोनों ओर बने मकान पानी की गिरफ्त में हैं, जिससे लोगों का आवागमन ठप हो गया है। स्थिति का जायजा लेने पहुंचे पार्षद रूपेश वर्मा अन्नू ने अपनी टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई मोटरबोट के जरिए बाढ़ में फंसे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इस राहत कार्य के दौरान छह गंभीर मरीजों को तुरंत आवश्यक दवाओं और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पार्षद ने भरोसा दिलाया कि प्रभावितों की सुरक्षा के लिए राहत कार्य लगातार जारी रहेगा।
हनुमान धाम की सीढ़ियां डूबीं
हनुमान धाम की सीढ़ियां डूबीं, श्मशान घाट पर संकटखन्नौत नदी के बढ़ते रौद्र रूप का व्यापक असर शहर के अन्य हिस्सों में भी दिख रहा है। हनुमान धाम, रेती, नई बस्ती और ख्वाजा फिरोज इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। हनुमत धाम की सीढ़ियां पूरी तरह पानी में डूब चुकी हैं और जलस्तर लगातार ऊपर चढ़ रहा है। उधर, बाढ़ का पानी अब श्मशान घाट तक पहुंच गया है, जिससे स्थानीय लोगों में यह चिंता सता रही है कि यदि पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो अंतिम संस्कार करना भी मुश्किल हो जाएगा।
नाव से पहुंचे सीओ
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीओ ने नाव से लिया जायजाबाढ़ की विभीषिका को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर ने थाना प्रभारी रोजा के साथ प्रभावित इलाकों का नाव से भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था को परखा। सीओ सदर ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से पानी वाले स्थानों पर न जाने की अपील की।
अलर्ट पर पुलिस टीमें
इसके बाद पुलिस टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। सीओ ने पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि वे आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। प्रभावित क्षेत्र सिंधौली ब्लॉक, वार्ड-3 लोधीपुर, अक्षरधाम कॉलोनी, इंदिरा नगर, मऊ, हनुमान धाम, रेती, नई बस्ती और ख्वाजा फिरोज।
