यूपी के आंगनवाड़ी होंगे स्मार्ट, 17,519 केंद्रों में लगेंगे आधुनिक खेल उपकरण, खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे

# ## UP

प्रदेश के 40 जिलों के 17,519 को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में आधुनिक खेल उपकरण लगाए जाएंगे। सरकार ने आउटडोर प्ले मैटेरियल की खरीद और स्थापना के लिए 87.60 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। खरीद जेम पोर्टल से होगी और निगरानी के लिए जिला स्तर पर क्रय समिति व ब्लॉक स्तर पर टास्क फोर्स बनाई जाएगी।

पांच तरह के उपकरण लगेंगे

केंद्रों पर स्लाइड, सी-सॉ, स्विंग, राउंड अबाउट और दो सीट वाली रॉकिंग बोट लगाई जाएंगी। इनके जरिए बच्चों को खेल के साथ गतिविधि आधारित सीखने और शारीरिक गतिविधियों का अवसर मिलेगा। उपकरणों की खरीद और स्थापना में गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा। प्रत्येक उपकरण पर कम से कम तीन वर्ष की वारंटी रहेगी।

खराबी की स्थिति में आपूर्तिकर्ता को मरम्मत और जरूरत पड़ने पर उपकरण बदलने की जिम्मेदारी होगी। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में खेल और सीखने के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है।