प्रयागराज में सड़क हादसे में महिला शिक्षामित्र की मौत:पति गंभीर रूप से घायल

# ## Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com)  प्रयागराज के झूंसी थाना अंतर्गत शास्त्री ब्रिज पर बुधवार की देर शाम हादसे में महिला शिक्षामित्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शिक्षामित्र अपने पति के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। शास्त्री ब्रिज पर वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आस पास के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर महिला शिक्षामित्र को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, घायल पति की हालत नाजुक बताई जा रही है।

गंगानगर के झूंसी थाना अंतर्गत गारापुर गांव निवासी अवधेश कुमार मौर्या खेती किसानी करके परिवार चलाते हैं। उनकी पत्नी कुसुम मौर्या (42) प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा मित्र हैं। बुधवार शाम को अवधेश मौर्य और कुसुम मौर्य मोटरसाइकिल से स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय गए थे।

शास्त्री ब्रिज पर वाहन ने मारी टक्कर
वहां से देर शाम वापस घर लौट रहे थे। झूंसी थाना क्षेत्र के शास्त्री पुल ढलान के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी गिर गए और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नजदीकी अस्पताल ले गई।

पति की हालत गंभीर बताई जा रही
यहां से दोनों को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में डॉक्टरों ने कुसुम को मृत घोषित कर दिया। अवधेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका इलाज किया जा रहा है। पता चलने पर परिवार के लोग ही बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए। झूंसी थाना प्रभारी ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है और उनके घर वालों को सूचना दी गई।