(www.arya-tv.com) मेरठ में शुक्रवार को थाना ब्रहमपुरी क्षेत्र के ओडियन सिनेमा के पास व थाने से चंद कदम की दूरी पर महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। वहीं घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित महिला किसी तरह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पहुंची। थाना पुलिस लूट की रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करती रही। पीड़ित महिला के परिवार के लोगों के आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दायर कर लिया।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर निवासी दीपा कंसल पत्नी मनोज कंसल रात्रि करीब 9 बजे बाजार से शाॅपिंग कर घर जा रही थीं। जैसे ही वह ओडियन सिनेमा के पास ब्रह्मपुरी थाने से मात्र चंद कदम की दूरी पर पहुंची। तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उसके गले में पड़ी सोनेे की चेन को लूट लिया और फरार हो गए। दीपा ने अचानक हुई घटना के बाद शोर मचाया।आसपास के लोगों ने बाइक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश फरार हो गए।दीपा ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। थाना पुलिस काफी देर तक महिला को रिपोर्ट दर्ज कराने में उलझाए रखी। जब दीपा ने कड़ा रूख अपनाया। परिवार वालों को फोन कर थाने बुला लिया, तब कहीं जाकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश करने का प्रयास किया। वहीं लूट आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अब पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।