विनोद मेहरा नहीं दे पाए रेखा को पत्नी का दर्जा:पत्नी बिंदिया गोस्वामी भी उन्हें छोड़ गईं

# ## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com) हिंदी सिनेमा के पॉपुलर एक्टर, डायरेक्टर, प्रोड्यूसर विनोद मेहरा की आज 78वीं बर्थ एनिवर्सरी है। अमर प्रेम, घर, जानी दुश्मन, नौकर बीवी का जैसी करीब 100 फिल्मों में नजर आए विनोद मेहरा बेहद हैंडसम और टैलेंटेड एक्टर थे, लेकिन अफसोस इनकी निजी जिंदगी 3 नाकाम शादियों, 2 एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और रेखा से शादी की अफवाहों के नाम रही। रेखा से विनोद मेहरा का रिश्ता हमेशा से सवालों में रहा। कई रिपोर्ट्स की मानें तो विनोद रेखा को शादी कर घर ले गए थे, लेकिन उनकी मां ने ये शादी कबूल नहीं की और रेखा को तुरंत घर से निकाल दिया।

आज इनकी बर्थ एनिवर्सरी पर एक नजर इनके अधूरे रिश्तों पर-

रेखा को कभी नहीं मिला विनोद की पत्नी होने का दर्जा

विनोद मेहरा ने रेखा से भी शादी की थी, लेकिन इसे सार्वजनिक तौर पर दोनों ने कभी नहीं कबूला। दोनों की शादी को राइटर यासीर उस्मान ने अपनी किताब रेखाः एन अनटोल्ड स्टोरी में कन्फर्म किया। उनकी बुक के मुताबिक विनोद मेहरा ने सबसे पहले रेखा से शादी की थी। दोनों ने कोलकाता में शादी की और फिर विनोद उन्हें घर ले आए। जैसे ही रेखा उनके घर पहुंचीं तो उनकी मां भड़क गईं। मां ने पैरों से चप्पल निकाली और मारने को आमादा हो गईं।

रेखा ने जैसे ही उनके पैर छूने चाहे तो उन्होंने रेखा को धक्का देकर पहले घर से निकाला और फिर गालियां देते हुए उन पर चप्पल दे मारी। विनोद मेहरा ने घर के हालात पर काबू पाया और जब कोई रास्ता नजर नहीं आया तो उन्होंने रेखा से कहा कि वो अपने घर लौट जाएं। वो लौट गईं और कुछ सालों में ही शादी टूट गई। इसके बाद से ही विनोद के घरवालों ने उनके लिए लड़कियां देखनी शुरू की थीं।

दूसरी शादी की तो हार्ट अटैक आने से टूट गया रिश्ता

आधा दर्जन फिल्मों में चाइल्ड आर्टिस्ट रहने के बाद विनोद मेहरा ने 1971 की फिल्म एक थी रीटा से बतौर हीरो करियर की शुरुआत की थी। पहली ही फिल्म से हिट होकर विनोद मेहरा करियर के शिखर पर पहुंच गए। 29 साल के विनोद मुंबई में अकेले रहते थे तो परिवार वालों ने मीना ब्रोका से उनका रिश्ता तय किया। एक मुलाकात के बाद ही घरवालों ने दोनों की शादी करवा दी।

मीना एक हाउसवाइफ थीं, जो मुंबई आकर विनोद के साथ रहने लगीं। शादी के कुछ समय बाद विनोद को हार्ट अटैक आया और इसका पूरा जिम्मेदार उनकी पत्नी को ठहरा दिया गया। कुछ समय बाद विनोद की हालत सुधरी जरूर, लेकिन उनके और पत्नी के रिश्ते बिगड़ गए। तंग आकर मीना ने 1978 में विनोद से तलाक ले लिया।

बिंदिया गोस्वामी से शादी की खबर फैली तो पहली पत्नी के घरवालों ने दी थीं धमकियां

विनोद मेहरा ने भले ही मोना से तलाक 1978 में लिया हो, लेकिन इसके सालों पहले ही दोनों की अनबन से दोनों महज नाम के पति-पत्नी रह गए थे। पत्नी से लड़ाई-झगड़ों के बीच ही विनोद और उनकी को-स्टार बिंदिया गोस्वामी की नजदीकियां बढ़ गईं। बिंदिया गोस्वामी उम्र में विनोद मेहरा से 16 साल छोटी थीं। दोनों ने सीक्रेट शादी भी कर ली, लेकिन एक दिन एक करीबी ने दोनों की शादी से पर्दा उठा दिया। खबर बाहर आते ही विनोद की पहली पत्नी मीना ब्रोका और उनके घरवाले खूब नाराज हुए।