दो साल बाद हज जाएंगे भारतीय:सऊदी सरकार ने दी 79,237 लोगों की मंजूरी

# ## National

(www.arya-tv.com)  हज यात्रा 2022 के लिए सऊदी अरब की सरकार ने भारत के हज नागरिकों को हरी झंडी दे दी है। सऊदी सरकार ने इसके लिए नई गाइडलाइन जारी की है। कोविड संबंधी नियमों के चलते इस बार भारतीय हज यात्रियों के लिए 79,237 लोगों का कोटा तय किया गया है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

65 साल से कम उम्र के लोग ही कर सकेंगे यात्रा

जानकारी के अनुसार, 79,237 हज यात्रियों में से 56,601 लोग भारतीय हज समिति के जरिए और 22,636 लोग हज ग्रुप ऑर्गेनइजर्स के जरिए हज जाएंगे। हालांकि, हज जाने की ख्वाहिश रखने वाले बुजुर्गों की उम्मीदों को झटका लगा है। सऊदी सरकार ने 65 साल से अधिक उम्र के हज यात्रियों पर रोक लगा दी है। देश के बुजुर्गों की ओर से भरे गए सभी आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को बताया कि हज 2022 के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

आरटी-पीसीआर और वैक्सीन होगी जरूरी

नई गाइडलाइन के मुताबिक इस बार हज जाने वाले यात्रियों को 72 घंटे पहले आरटी-पीसीआर टेस्ट कराना जरूरी होगा। आरटी-पीसीआर रिपोर्ट निगेटिव होने पर ही वह हज यात्रा पर जा सकेगा। साथ ही वैक्सीन की दोनों डोज लेना भी जरूरी है। कोरोना महामारी के बाद पहली बार भारतीय हज यात्री सऊदी अरब जा रहे हैं।

कोरोना काल में नहीं थी दूसरे देशों के नागरिकों को अनुमति

इस बार दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, लखनऊ, अहमदाबाद, बेंगलुरू, श्रीनगर, गुवाहाटी और कोच्चि में 10 प्रस्थान स्थल (इम्बारकेशन प्वाइंट) बनाए जाएंगे। पहले इन स्थलों की संख्या 21 होती थी। कोरोना महामारी के दौरान सऊदी सरकार की ओर से सिर्फ स्थानीय लोगों को ही सीमित संख्या में हज की अनुमति दी गई थी। किसी दूसरे देश के नागरिक हज यात्रा पर नहीं गए थे। इस कारण पिछले साल भारतीय हज यात्री भी हज यात्रा पर नहीं जा सके थे।