लखनऊ में AC बस के कर्मचारियों की हड़ताल:गोरखपुर, झांसी और मेरठ सहित 93 बसें रद्द

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ में क्षेत्रीय प्रबंधन को हटाने समते 12 सूत्रीय मांग को लेकर अवध बस डिपो के कर्मचारियों ने एसी बसों का संचालन बंद कर दिया। इसके चलते गुरुवार को लखनऊ से दिल्ली, गोरखपुर, बहराइच, रूपेडडीहा समेत कई जगहों पर 2 हजार यात्रियों को टिकट कैंसिल करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनके खिलाफ एक के बाद एक तुगलकी फरमान जारी किया जा रहा है।

जब यात्री सफर के लिए बस अड्डे पहुंचे तो उनको इस बात की जानकारी हुई। प्रदर्शन खत्म करने के लिए परिवहन निगम मुख्यालय के अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से बात की। लेकिन वार्ता विफल रही। दूसरी तरफ बाद में प्रशासन ने भी कड़ा रुख अपना लिया है। उसने पुलिस प्रशासन से हड़ताल खत्म कराने की बात कही है।

आरएम हटाओ का नारा लगाते रहे

प्रदर्शनकारी आरएम को हटाने की मांग सबसे ज्यादा कर रहे है। उनको हटाने को लेकर नारा लगता रहा। इस दौरान मुख्य प्रधान प्रबंधक प्रशासन राम सिंह वर्मा, सीजीएम टेक्निकल रविंद्र सिंह, प्रधान प्रबंधक संचालन के साथ आरएम हटाने की मांग को लेकर वार्ता भी हुई। लेकिन उनकी यह मांग पूरी नहीं हुई और कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखा।

93 बसें रद्द हुई

प्रदर्शन के चलते कुल 93 बसें रद्द रही। इसमें कैसरबाग से सीतापुर के रास्ते दिल्ली रूट की बसें, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, रूपेहडीहा, गोरखपुर, सहारनपुर, झांसी, मेरठ रूट की बसें निरस्त होने पर यात्रियों को साधारण बसों से सफर करना पड़ा।

15 घंटे बस चलाने की अनुमति नहीं दे सकते है

क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज पुंडीर का कहना है कि एक चालक द्वारा लगातार 15 घंटे तक बस चलाने की अनुमति मांगी जा रही है। इस मांग को स्वीकार नहीं किया जा सकता है। इससे हादसा होने की संभावना बनी रहती है।आठ घंटे की ड्यूटी के बाद आराम के निर्देश दिए गए है। जबकि रोडवेज कर्मचारी संगठनों से जुड़े नेताओं का कहना है कि जब तक आरएम नहीं हटेंगे तब तक बसों का संचालन शुरू नहीं होगा। जरूरत पड़ी तो लखनऊ क्षेत्र के सभी डिपो में बसों की हड़ताल कर दी जाएगी।