लखनऊ-कानपुर में देर रात बारिश, 27 जिलों में अलर्ट

# ## UP

(www.arya-tv.com) यूपी के अलग-अलग शहरों में शुक्रवार शाम से रूक-रूककर बारिश हो रही है। लखनऊ, वाराणसी मथुरा, आगरा ,मेरठ, मुरादाबाद, हरदोई और कानपुर समेत पूरे प्रदेश में देर रात बारिश हुई है। कई जिलों में ओले भी गिरे हैं।

मौसम विभाग ने शनिवार को पश्चिमी यूपी के जिलों में रेड अलर्ट और पूर्वी यूपी के जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कुल 27 जिलों में बारिश की आशंका है। बीते 24 घंटे में 2.7 मिमी मीटर बारिश हुई। अगले 24 घंटे में तापमान में 5 °C गिरावट दर्ज की जा सकती है।

लखनऊ में डीएम ने बारिश को लेकर लोगों को घरों में रहने की अपील की है। राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 18.9 °C और अधिकतम तापमान 35.7 °C रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को 15. 5 °C के साथ बिजनौर सबसे ठंडा शहर रहा। 37.6 °C के साथ प्रयागराज और कानपुर शहर सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 17°C रहने का अनुमान है।

मेरठ, बागपत, बरेली सहित 14 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, अमरोहा, हापुड़, बुलंदशहर, बरेली, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

लखनऊ, कासगंज सहित 13 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने कानपुर नगर, कानपुर देहात, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, इटावा, मैनपुरी, कासगंज, एटा, जालौन, कन्नौज, औरैया, और फर्रुखाबाद में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान इन जिलों में 87 किलोमीटर से अधिक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

शनिवार और रविवार बारिश की आशंका
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वेस्ट यूपी में मौसम ने करवट बदली है। शुक्रवार शाम में पहले अंधेरा छा गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। हवा की रफ्तार करीब 50 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे के रही। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो शनिवार और रविवार को भी बारिश की आशंका है।

फसलों को नुकसान, किसान परेशान
मौसम में आए इस बदलाव की वजह से जहां एक तरफ लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। तापमान में 3-4°C की गिरावट देखी गई है, वहीं किसानों के लिए ये वक्त संकट भरा है। बेमौसम बरसात की वजह से किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। बरसात की वजह से खेतों में खड़ी दलहन, गेंहू और सरसों की फसल को खासा नुकसान हुआ है।