भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को बचाने मैदान में उतरी प्रियंका

भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को बचाने मैदान में उतरी प्रियंका गांधी

National

दिल्ली में रविदास मंदिर तोड़े जाने के विरोध में रामलीला मैदान में जुटे भीम आर्मी के कार्यकर्ता उग्र हो गए और पत्थरबाजी की। इन्हें रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग के साथ ही भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद समेत कई लोगों को गिरफ्तार करना पड़ा। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को बचाने मैदान में उतरी प्रियंका

गिरफ्तारियों के बाद कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा- ‘भाजपा सरकार पहले करोड़ों दलित बहनों-भाइयों की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक रविदास मंदिर स्थल से खिलवाड़ करती है और जब देश की राजधानी में हजारों दलित भाई-बहन अपनी आवाज उठाते हैं तो भाजपा उन पर लाठी बरसाती है, आंसू गैस चलवाती है, गिरफ़्तार करती है।’

प्रियंका ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘दलितों की आवाज का ये अपमान बर्दाश्त से बाहर है। यह एक जज्बाती मामला है उनकी आवाज का आदर होना चाहिए।’

गौरतलब है कि रविदास मंदिर तोड़े जाने के विरोध मेें रामलीला मैदान में जुटे लोग बुधवार शाम तुगलकाबाद पहुंच गए। हजारों लोगों ने तोड़े गए मंदिर की ओर कूच करने की कोशिश की।

पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो इन लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। उग्र होती भीड़ को रोकने के लिए आखिर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद भीड़ की पुलिस से खूब झड़प हुई। भीड़ ने तुगलकाबाद इलाके में सड़क पर खड़ी गाड़ियों को तोड़ना शुरू कर दिया। 100 से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए।
हिंसक होती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले चलाए। इसके बाद लाठियां भांजीं गईं। बवाल के दौरान कई पुलिसकर्मियों के अलावा भीड़ में मौजूद दर्जनों लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने देर शाम भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद समेत दर्जनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पूरे तुगलकाबाद इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। लोकल पुलिस के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की कई कंपनियां मौके पर तैनात हैं। इससे पूर्व, प्रदर्शनकारियों की वजह से दिनभर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में भीषण जाम के हालात रहे।