(www.arya-tv.com)लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। शुक्रवार को घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर का दरवाजा खोला तो मोनू की पत्नी अंजू (30) का शव शुक्रवार को बेड के बॉक्स में मिला। पुलिस ने माेनू को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि अंजू की करीब तीन साल पहले मोबाइल की एक रांग कॉल से मोनू से दोस्ती हुई थी और दोनों ने परिवार की मर्जी के बगैर शादी कर ली थी।
बेड बॉक्स में मिला महिला का शव
महानगर पुलिस के मुताबिक सोनभद्र निवासी अंजू देवी (30) की शादी दो साल पहले मोनू से हुई थी। दोनों के बीच दहेज और नशे को लेकर कुछ ही महीने बाद विवाद होने लगा। अभी तक की जांच में सामने आया है कि पारिवारिक कलह के चलते मोनू ने अंजू की गला घोटकर हत्या कर दी। आरोपी पति मोनू शव को बेड बॉक्स में छिपाकर रामलला के दर्शन करने चला गया था। शव ठिकाने लगाने से पहले दुर्गंध आने पर सभी को जानकारी हो गई।
घर वाले सोचते रहे अंजू गई रामलला के दर्शन करने
अंजू की जेठानी रमा ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले अंजू को देखा था। अंजू व मोनू के बीच खाने को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद मोनू ने कहा कि हम लोग घर का माहौल ठीक करने के लिए अयोध्या जा रहे हैं। उस दिन के बाद से दोनों नहीं दिखे। इस पर सब ने सोचा दोनों रामलला के दर्शन करने गए होंगे।
इसी बीच, शुक्रवार सुबह से घर में दुर्गंध आनी शुरू हो गई। खोजने पर अंजू का शव बेड बॉक्स में मिला। महानगर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह का कहना है मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रेम में मिली बेवफाई, जान देकर कीमत चुकाई
मोनू की मां के मुताबिक अंजू की करीब तीन साल पहले मोबाइल की एक रांग कॉल से मोनू से दोस्ती हुई थी। उसके बाद दोनों ने परिजनों की बगैर मर्जी शादी कर ली। शादी के बाद मोनू की अंजू से मोबाइल पर दोस्तों से बात करने को लेकर विवाद होने लगा। एक बेटा होने के बाद भी दोनों के बीच रिश्ते ठीक नहीं हुए। नतीजा ये हुआ कि दोनों के बीच का रोज होने वाला विवाद एक की मौत से समाप्त हुआ।