प्रियंका गांधी 14 जुलाई से यूपी दौरे पर:यूपी कांग्रेस के दफ्तर में लगे पोस्टर से राहुल की तस्वीर गायब

UP

(www.arya-tv.com)कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी 14 जुलाई को लखनऊ आ रही हैं। प्रियंका का यह दौरा एक हफ्ते का होगा। इस दौरान प्रियंका प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग दौर की बैठकें करके यहां कांग्रेस की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगी।

इसके अलावा 17 जुलाई को कांग्रेस का महंगाई को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन है। खबर यह भी है प्रियंका गांधी इस प्रदर्शन में भी शामिल हो सकती है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि लखनऊ में रहकर प्रियंका पूरे प्रदर्शन पर नजर रखेगी और राजधानी में होने वाले प्रदर्शन को वह लीड भी करेंगी।

कोरोना पीड़ितों से भी कर सकती हैं मुलाकात

कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस महासचिव यूपी दौरे के दौरान उन कोरोना पीड़ितों से भी मुलाकात करेंगी, जिन्होंने अपनों को खोया है। कोरोनाकाल में सरकारी व्यवस्थाओं के संबंध में उनसे जानकारी लेंगी।

किसान संगठनों से भी करेंगी मुलाकात

हफ्ते भर के दौरे में प्रियंका यहां किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगी। प्रियंका सरकार के प्रति किसानों के गुस्से को कांग्रेस के वोट बैंक में कन्वर्ट करना चाहती हैं।

कांग्रेस के कैंपेन पर बनेगी रणनीति

प्रियंका यहां रहकर उत्तरप्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालातों को समझेंगी और जनता की नब्ज समझने की कोशिश करेंगी। नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद कांग्रेस उत्तरप्रदेश में अपने चुनावी कैंपेन की रणनीति तय करेगी। माना जा रहा है कि यूपी में कांग्रेस इस बार पुरानी गलतियों से सबक लेते हुए जल्दी से जल्दी से चुनाव अभियान की शुरूआत करेगी। इसके लिए प्रत्याशियों की घोषणा भी जल्दी होगी, ताकि मैदान में काम करने के लिए ज्यादा वक्त हो।

भाजपा से नाराजगी के मुद्दों की लिस्ट बना रही कांग्रेस

कांग्रेस उन मुद्दों की क्षेत्रवार सूची बना रही है, जिन पर लोग भाजपा से नाराज हैं। कोरोनाकाल में अस्पतालों में अव्यवस्थाओं से लेकर रोजगार के मुद्दे इसमें शामिल है।