धोनी-कोहली में कौन बेहतर कैप्टन:माही ने बतौर कप्तान पहले 3 ICC टूर्नामेंट में एक में जीत दिलाई

Game

(www.arya-tv.com)टीम इंडिया की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में फाइनल में मिली हार के बाद एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के फैन्स के बीच बेस्ट कैप्टन की जंग छिड़ गई है। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने शुरुआती 3 ICC टूर्नामेंट में से 1 में जीत हासिल की थी। धोनी ने बतौर कप्तान अपने पहले ही टूर्नामेंट 2007 टी-20 वर्ल्ड कप में टीम को चैंपियन बनाया था।

इसके अलावा टीम 2009 टी-20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी। वहीं, विराट की कप्तानी में टीम शुरुआती 3 टूर्नामेंट में नॉकआउट राउंड से बाहर हो गई। इसमें 2017 चैंपियंस ट्रॉफी, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 WTC फाइनल शामिल है।

धोनी अपने कार्यकाल के दौरान सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने तीनों ICC ट्रॉफी जीती थी। उस वक्त वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप नहीं थी। WTC का आगाज 2019 में हुआ। तब धोनी कप्तानी से हट चुके थे।

धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 6 टी-20 वर्ल्ड कप खेले
धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007, 2009, 2010, 2012, 2014 और 2016 समेत 6 टी-20 वर्ल्ड कप खेले हैं। इसमें से टीम ने 2007 में ट्रॉफी जीती थी। वहीं, 2009, 2010 और 2012 में टीम दूसरे राउंड से बाहर हो गई थी। 2014 में टीम इंडिया को फाइनल में श्रीलंका ने हराया था। वहीं, 2016 में टीम वेस्टइंडीज के हाथों हारकर सेमीफाइनल से बाहर हो गई थी।

धोनी की कप्तानी में भारत ने WC और चैंपियंस ट्रॉफी जीती
इसके अलावा धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2 वनडे वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया। 2011 में टीम चैंपियन बनी थी, जबकि, 2015 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा धोनी की कप्तानी में भारत ने 2009 और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट खेला था। उनकी ही कप्तानी में भारत ने 2013 में अपना पहला ICC चैंपियंस ट्रॉफी (CT) का खिताब जीता था। एजबेस्टन के बर्मिंघम में हुए इस मैच में भारत ने इंग्लैंड को 5 रन से हराया था।

धोनी की कप्तानी में भारत ने 2010 और 2016 एशिया कप जीता
CT फाइनल जीतने के बाद जब इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर नासिर हुसैन ने धोनी से पूछा कि 20 ओवर में इंग्लैंड को सिर्फ 130 रन का टारगेट देने के बाद आपने अपनी टीम से क्या कहा था। इस पर धोनी ने जवाब दिया था – मैंने अपने खिलाड़ियों से कहा कि आसमान में मत देखो, भगवान हमें बचाने नहीं आ रहा। एक चैंपियन टीम की तरह मैदान में उतरो और बेस्ट परफॉर्मेंस दो।

इसके अलावा टीम इंडिया ने धोनी की कप्तानी में 2010 और 2016 एशिया कप भी जीता है। उनकी कप्तानी में ही टीम इंडिया ने पहली बार टेस्ट में नंबर-1 रैंकिंग हासिल की थी। टीम ने नवंबर 2009 में साउथ अफ्रीका को नंबर-1 पोजिशन से हटाया था। टीम इंडिया इसके बाद अगस्त 2011 तक यानी 21 महीने तक नंबर-1 पर कायम रही थी।

विराट की कप्तानी में 3 ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट से बाहर
वहीं, 2016 में धोनी के सभी फॉर्मेट से कप्तानी से हटने के बाद टीम इंडिया ने 3 ICC टूर्नामेंट खेले हैं। यह सभी विराट की कप्तानी में खेले गए। पर टीम सभी में चोकर साबित हुई और नॉकआउट राउंड में जाकर बाहर हो गई। 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराया। वहीं, 2019 वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने हराया था। 2021 WTC फाइनल में एक बार फिर न्यूजीलैंड ने ही शिकस्त दी।

विराट की कप्तानी में टेस्ट में टीम इंडिया का शानदार परफॉर्मेंस
हालांकि, विराट की कप्तानी में टीम इंडिया ने टेस्ट में जरूर अच्छा प्रदर्शन किया है। 2014 से लेकर अब तक कुल 45 महीने टीम इंडिया नंबर-1 रैंक पर रह चुकी है। धोनी के कप्तानी से हटने के बाद टीम इंडिया जनवरी से फरवरी 2016 और अगस्त 2016 में 1-1 महीन के लिए यह रैंक हासिल की थी।