UP में कोरोना 18 दिन में 600% से ज्यादा बढ़ा:24 घंटे में मिले 180 नए मामले

# ## UP

(www.arya-tv.com)यूपी में 16 मार्च से कोरोना के मामलों में अचानक से तेजी आई है। 18 दिनों में 1000 से ज्यादा केस सामने आए हैं। इस दौरान कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 74 से बढ़कर 640 पहुंच गई है। यानी 18 दिन में 620% केस बढ़े हैं।

साल 2022 के अक्टूबर महीने में 1444 केस सामने आए थे। इसके बाद सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस मार्च 2023 में आए हैं। मार्च महीने में कुल संक्रमितों की संख्या 826 रही। जबकि मार्च के पहले 15 दिनों में यानी 15 मार्च तक यह संख्या सिर्फ 71 थी।

24 घंटे में सबसे ज्यादा गौतमबुद्ध नगर में मिले 65 केस
मंगलवार को आई रिपोर्ट में 24 घंटे में प्रदेश में 180 नए संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 82 कोरोना संक्रमित रिकवर भी हुए हैे। सबसे ज्यादा 65 पॉजिटिव केस गौतमबुद्ध नगर में मिले हैं। वहीं लखनऊ में 15 और गाजियाबाद में 14 केस मिले हैं। इसके अलावा सीतापुर में 12 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें से 8 मामला पहला ब्लॉक के अलग-अलग गांव में आए हैं।

सोमवार को आई रिपोर्ट में ललितपुर जिला जेल में 20 बंदियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इनमें से 3 में माइल्ड सिस्टम्स यानी कोरोना के मामूली लक्षण थे। जेल में सबसे पहले 30 मार्च को एक बंदी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के दौरान 19 अन्य कैदियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा एक स्थानीय की रिपोर्ट भी पॉजिटिव रही। इससे पहले 26 मार्च को लखीमपुर खीरी के कस्तूरबा गांधी बालिका स्कूल में एक साथ 39 स्टूडेंट्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

24 घंटे में 40 हजार 341 सैंपल की जांच

24 घंटे में कुल 40 हजार 341 सैंपल की जांच हुई हैं। इनमें से जिला अस्पताल में 13 हजार 336 जांच की गई। वही मेडिकल कॉलेज में 4418 जांच की गई। निजी लैब में 440 सैंपल की जांच की गई। इसके अलावा एंटीजन और ट्रू नॉट टेस्ट से भी सैंपल की जांच की गई। अलीगढ़ में 2010 सैंपल, कानपुर नगर में 1196, अयोध्या में 853, गाजियाबाद में 1702 सैंपल की जांच की गई। इसके अलावा मऊ में 468 और भदोही में 1230 सैंपल की जांच हुई। लखनऊ में 1342 सैंपल की जांच हुई हैं।