भाजपा राज में जनता महंगाई से परेशान है,सरकार किसानों के कल्याण के झूठे दावे कर रही

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दाम को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि अगर रोज 80 पैसे या लगभग 24 रुपए हर महीने के हिसाब से पेट्रोल के दाम बढ़ते रहे तो अगले जो चुनाव नवंबर-दिसम्बर में होंगे।

इस बीच सात महीने में दाम लगभग 175 रुपए बढ़ जाएंगे। मतलब आज के 100 रुपए लीटर से बढ़कर पेट्रोल 275 रुपए हो जाएगा। जनता कह रही ये है भाजपाई महंगाई का गणित।

भाजपा राज में जनता से महंगाई से परेशान
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज में बुलडोजर जनता को रौंदने में लग गया है। जनता पर रोज महंगाई की मार पड़ रही है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार इससे बेफिक्र है। उसे जनता की कोई परवाह नहीं है। संवेदनहीन होकर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है। लोकतंत्र में सत्ता दल का जनता से ऐसा क्रूर व्यवहार अमानवीय है।

भाजपा राज में ऐसे ‘अच्छे दिन’ आ रहे हैं कि लोग पुराने दिनों की वापसी के लिए तड़पने लगे हैं। पेट्रोल-डीजल की रोज बढ़ रही कीमतों से लोग परेशान हो रहे थे कि आज से टोल-टैक्स भी महंगा हो गया है। राजमार्गों पर सफर में 10 से 15 % तक की बढ़ोतरी होने जा रही है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर मुफ्त सफर खत्म हो गया है।

सीएनजी-पीएनजी गैस के बढ़े दाम
अखिलेश यादव ने कहा कि सीएनजी-पीएनजी गैस के दाम आठ साल में सबसे ज्यादा दोगुने से अधिक बढ़ा दिए गए हैं। रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि से घरेलू अर्थव्यवस्था बिगड़ रही है। अब कामर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरएक झटके में 250 रुपए महंगा हो गया है। बाजार में इसकी कीमत 2253 रुपए हो गई है। महंगाई कम करने के दावों का हश्र यह है कि हर रोज इसमें बढ़ोत्तरी हो रही है।

भाजपा सरकार में किसान आत्महत्या कर रहे
किसानों की आत्महत्या जारी है और सरकार किसानों के कल्याण के झूठे दावे कर रही है। एटा में कर्ज के बोझ तले दबकर एक और किसान की खुदकुशी भाजपा सरकार की झूठ की पोल खोलती है। भाजपा सरकार के किसान की आय दोगुनी करने का क्या हुआ?