देवी मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी; दो महिलाओं की मौत

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र में सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। ट्रॉली पर सवार 12 लोग घायल हो गए। हादसे को देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और मजदूरों ने ट्रॉली के नीचे दबे सभी घायलों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। आठ घायलों को सैफई अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

देवी मंदिर में पूजा पाठ के बाद लौट रहे थे ग्रामीण

यह हादसा अयाना थाना क्षेत्र में बीजलपुर गांव के समीप हुआ। नवरात्रि पर्व पर थाना क्षेत्र के नवादा ज्वाला प्रसाद गांव से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली से करीब 20 परिवारों के लोग देवी मंदिर में पूजा-पाठ के लिए जालौन गए थे। पूजन करने के बाद सभी गांव लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में ओवरटेक करने के चक्कर में अयाना थाना क्षेत्र के बीजलपुर गांव के समीप सड़क पर एक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली सवार महिलाओं की चीखपुकार सुन आसपास खेतों में काम कर रहे किसान व मजदूरों ने ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को निकाला।

इसमें आशा देवी पत्नी राजन सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, नीलम पत्नी लक्ष्मी चंद्र ने अस्पताल में दम तोड़ा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जबकि 12 घायलों में से 8 लोगों को सैफई अस्पताल रेफर किया गया है।