प्रियंका ने माना, UP में CM कैंडिडेट वही

# ## UP

(www.arya-tv.com)प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का मेनिफेस्टो जारी किया। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे पूछा कि पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा? इस पर प्रियंका ने उल्टा सवाल दाग दिया कि आप कोई और चेहरा देख रहे हैं क्या? प्रियंका का जवाब अपने आप में यह इशारा है कि पार्टी का सीएम चेहरा वही होंगी।

मेनिफेस्टो जारी करते वक्त प्रियंका के साथ राहुल गांधी भी मौजूद थे। दोनों ने UP चुनाव के लिए भर्ती विधान का अनावरण किया है। प्रियंका ने कहा कि युवाओं से बात करके ही ये भर्ती विधान तैयार किया है। हम UP में हम 20 लाख नौकरियां देंगे। इसमें 8 लाख महिलाओं के लिए होंगे। हमने विधान में ये भी बताया है कि ये कैसे करेंगे। 12 लाख पद तो अभी भी खाली हैं। हम जॉब कैलेंडर बनाएंगे और इसका कड़ाई से पालन कराएंगे। भर्ती परीक्षाओं के लिए फीस नहीं लगेगी। परीक्षा देने के लिए ट्रेन और बस यात्रा भी मुफ्त होगी।

युवा इस बात से परेशान हैं कि परीक्षाएं लीक हो रही हैं। युवा दुखी है। हमारी सरकार आएगी तो हम ये वादे पूरे करेंगे। हम सकारात्मक प्रचार कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि विकास की बात हो। युवाओं के भविष्य की बात हो। विधान में हमने ये भी बताया है कि युवा कैसे अपना उद्यम शुरू कर सकते हैं। युवाओं की समस्याओं को हमने इसमें एड्रेस किया है। UP में 7 करोड़ युवाओं की आकांक्षाओं का ये दस्तावेज है।

प्रियंका का महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र
प्रियंका गांधी ने इससे पहले महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया था। इसमें मुफ्त बस सेवा, साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त देने के साथ सरकारी नौकरी में 40% आरक्षण देने का वादा किया है। प्रियंका गांधी यूपी में अपनी पार्टी से 40% टिकट महिलाओं को दे रही हैं।