लखनऊ। अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत से व्यथित उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 25 जून को अपना जन्मदिन न मनाने का फैसला लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर यह जानकारी दी। ब्रजेश पाठक ने लिखा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड ने मन को भीतर तक उद्वेलित और व्यथित कर दिया है। इस दुःखद घटना में अनेक मासूम बच्चों की असामयिक मृत्यु ने पूरे प्रदेश को शोक और पीड़ा से भर दिया है।
उन्होने कहा, “जब कई परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए हों, तब अपने जन्मदिन का उत्सव मनाना उचित प्रतीत नहीं होता। इसी गहन संवेदना और शोक के भाव के साथ मैंने निर्णय लिया है कि कल, 25 जून को, मैं अपना जन्मदिन नहीं मनाऊँगा।” उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन उन दिवंगत मासूम बच्चों की पावन स्मृति तथा उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति श्रद्धांजलि और संवेदना को समर्पित रहेगा।
ब्रजेश पाठक ने प्रभु श्रीहरि से प्रार्थना की कि वे इस अत्यंत हृदयविदारक घटना में दिवंगत सभी बच्चों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोक संतप्त परिवारों को असीम दुःख सहने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। गौरतलब है कि सोमवार को अलीगंज में हुए अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत हुई थी। मामले में एसआईटी जांच कर रही है और मुख्यमंत्री योगी ने फायर सेफ्टी को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
