बरेली के धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर एक के बाद एक, ताबड़तोड़ दो हादसों ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। पहले हादसे में पांचवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई, तो दूसरी घटना में 65 साल के व्यक्ति की मृत्यु हो गई। दोनों एक्सीडेंट का कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली बने। ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइकों में टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक फरार हो गए।
दुनका गांव के सौरभ गुप्ता का बेटा सिद्धार्थ गुप्ता दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। शुक्रवार की सुबह वह अपने जाजा शानू गुप्ता के साथ बाइक से मिर्जापुर जा रहा था।
मिर्जापुर से डीपीएस की बस मिलती है। आनंदपुर के पास धनेटा की ओर से ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर से लगी कि सिद्धार्थ बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके चाचा शानू गंभीर रूप से घायल हैं। बरेली के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
हादसे से घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सिद्धार्थ दो भाईयों में बड़े थे। उनकी मौत से घर में कोहराम मचा है। सिद्धार्थ के पिता राजस्थान में हैं।
दूसरी घटना भी धनेटा-शीशगढ़ मार्ग की है।ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार नियाज खां (65) और जंगा खां (53) को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां नियाज खान की मौत हो गई, जबकि जंगा खां की हालत गंभीर है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी भरी थी। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया है। चालक फरार हो गया। दोनों मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है।
