सामूहिक दुष्कर्म में आरोपियों को सजा दिलाने में अहम होंगे ये वैज्ञानिक

Agra Zone UP

आगरा(www.arya-tv.com) आगरा में सिकंदरा के गांव में 14 साल की किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले में पकड़े गए आरोपी राहुल को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वहीं उसके साथी को किशोर संप्रेक्षण गृह में रखा गया है। आरोपियों को जल्द से जल्द सजा मिले, उसके लिए पुलिस ने ठोस साक्ष्य जुटाए हैं। सबसे अहम वैज्ञानिक साक्ष्य होंगे। किशोरी शुक्रवार दोपहर को घर से निकली थी। दो घंटे बाद उसका शव घर से 300 मीटर दूर स्थित जंगल के तालाब में पड़ा मिला था।

रविवार को मामले में गांव के ही राहुल और उसके नाबालिग साथी को पकड़कर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ में किशोरी से दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की बात कबूल की थी। एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने पुलिस को केस में एक सप्ताह के अंदर चार्जशीट लगाने का लक्ष्य दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से किशोरी के कपड़े, बोतल और चप्पल बरामद की थीं। वहीं आरोपियों के खून लगे कपड़े, कीचड़ में सनी चप्पल भी मिली थीं।

थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह का कहना है कि आरोपियों की चप्पलें, खून लगी शर्ट, किशोरी के कपड़ों से मिले बालों, सीरम का सैंपल लिया गया है। इन्हें विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इनकी जल्द रिपोर्ट मांगी जाएगी। यह सबसे अहम साक्ष्य साबित होंगे। वहीं गांव के लोगों ने भी दोनों आरोपियों को जंगल तरफ जाते हुए और घटना के बाद भागकर आते हुए देखा था। इस पर बयान दर्ज किए जाएंगे।