IPL 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स को उस समय बड़ा झटका लगा, जब टीम के उभरते बल्लेबाज आयुष म्हात्रे के हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण पूरे सीजन से बाहर होने की खबर आई। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहम मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में नंबर-3 पर उनकी जगह कौन लेगा? म्हात्रे इस सीजन CSK के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक रहे। उन्होंने 6 मैचों में 201 रन बनाकर टीम को मजबूती दी थी। लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में लगी चोट के बाद अब उनकी वापसी में 6 से 12 हफ्ते लग सकते हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने प्लेइंग इलेवन में सही विकल्प चुनने की चुनौती है। आइए जानते हैं उन 3 खिलाड़ियों के बारे में, जो CSK में म्हात्रे की जगह ले सकते हैं:
उर्विल पटेल
उर्विल पटेल इस रेस में सबसे आगे नजर आते हैं। पिछले सीजन में इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल होकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। IPL 2025 में 3 मैचों में 68 रन बनाते हुए उनका स्ट्राइक रेट 212.5 रहा था। वह पावरप्ले में तेजी से रन बना सकते हैं और म्हात्रे की तरह आक्रामक शुरुआत देने की क्षमता रखते हैं।
कार्तिक शर्मा
IPL ऑक्शन में 14.5 करोड़ रुपये में खरीदे गए कार्तिक शर्मा अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। IPL 2026 के शुरुआती 3 मैचों में उन्होंने सिर्फ 25 रन बनाए। लेकिन म्हात्रे की गैरमौजूदगी उन्हें एक और मौका दिला सकती है। अगर CSK उन्हें नंबर-3 पर भेजती है, तो पावरप्ले में वह अपनी हिटिंग से मैच का रुख बदल सकते हैं।
प्रशांत वीर
प्रशांत वीर थोड़ा अलग विकल्प हो सकते हैं। वह टॉप ऑर्डर बल्लेबाज नहीं हैं, लेकिन मिडिल ऑर्डर में उपयोगी साबित हो सकते हैं। एक मैच में उन्होंने 43 रन की अहम पारी खेली थी। इसके अलावा वह लेफ्ट-आर्म स्पिन भी डालते हैं, जिससे टीम को गेंदबाजी में विविधता मिलती है। अगर CSK उन्हें शामिल करती है, तो नंबर-3 पर सरफराज खान या मैट शॉर्ट को आजमाया जा सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि CSK टीम मैनेजमेंट किस खिलाड़ी पर भरोसा जताता है। क्या अनुभव को तरजीह मिलेगी या युवा जोश पर दांव खेला जाएगा, इसका जवाब अगले मैच में मैदान पर ही मिलेगा।
