BJP नेता पर दुष्कर्म की FIR:आर्य समाज मंदिर में शादी की; फिर पीटकर भगा दिया

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ में बीजेपी से जुड़े एक नेता पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने की एफआईआर दर्ज हुई है। आरोप ये हैं कि युवती से नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। फिर 2 साल तक संबंध बनाए जाते रहे। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी। तो आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद वह बलिया स्थित अपने घर ले गया। पहले तो कुछ दिन सब कुछ ठीक रहा। इसके बाद पति और ससुराल वाले मारने पीटने लगे। कुछ दिन पहले घर से भी भगा दिया। अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। तहरीर पर पुलिस पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

सोशल मीडिया से हुई थी पहचान
पीड़िता के मुताबिक सोशल मीडिया से वर्ष 2019 में उसकी जान पहचान बलिया के बढ़सरी निवासी युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोपित ने विभूतिखंड स्थित एक रेस्टोरेंट में बुलाकर शादी का प्रस्ताव रखा। कुछ दिन बाद कठौता स्थित एक होटल में बुलाया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया।
होश आने पर शिकायत की तो वह शादी करने की बात कहने लगा। इसके बाद वह आए दिन शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने लगा। इस बीच वह प्रेगनेंट हो गई, जबरन गर्भपात भी करा दिया। शादी की बात पर अक्सर वह टालमटोल कर जाता।

साल 2021 में की थी शादी
पुलिस में शिकायत के दबाव पर अगस्त 2021 में आर्य समाज मंदिर में ले जाकर शादी कर ली। शादी के बाद वह बलिया स्थित अपने घर ले गया। इसके बाद पति, सास, ससुर और देवर उसे प्रताड़ित करने लगे। बात- बात पर पिटाई करने लगे। कुछ दिन पूर्व जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भगा दिया। इंस्पेक्टर विभूतिखंड राम सिंह के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर आरोपित पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।