हिस्ट्रीशीटर ने आपराधिक इतिहास छिपाकर बनवाया पासपोर्ट व शस्त्र लाइसेंस

Lucknow

(www.arya-tv.com)लखनऊ गोमतीनगर इलाके में रहने वाले एक हिस्ट्रीशीटर ने खुद को एक ठेकेदार बताते हुए गलत शपथ पत्र देकर पासपोर्ट हासिल कर लिया। साथ ही अपने पहले के आपराधिक इतिहास छिपाते हुए पत्नी के नाम शस्त्र लाइसेंस जारी करा लिया था। पुलिस ने एक शिकायत पर जांच में मामला खुलने पर मामला दर्ज कर हिस्ट्रीशीटर को बुधवार रात को गिरफ्तार कर लिया। फर्जी शस्त्र लाइंसेस मामले में भी हिस्ट्रीशीटर और उसकी पत्नी के खिलाफ गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस की रिपोर्ट पर उसका शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था।

इंस्पेक्टर गोमतीनगर केके तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम ने मूल रूप से मेरठ निवासी सुधीर सिंह को आपराधिक इतिहास छिपाते हुए फर्जी पासपोर्ट बनवाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सुधीर सिंह अपनी पहचान छिपाकर गोमतीनगर के विनीतखंड इलाके में अपनी पत्नी सुनीता सिंह के साथ काफी समय से रह रहा था।

सुधीर सिंह ने अपना आपराधिक इतिहास को छुपाते हुए गलत शपथ पत्र लगाकर पासपोर्ट बनवाया था। सुधीर के खिलाफ बहराइच, बाराबंकी और लखनऊ में कई आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। बहराइच पुलिस ने सुधीर के एक जमीनी विवाद में हत्या करने पर हिस्ट्रीशीट खोली थी।

पत्नी के नाम भी फर्जी तरीके से बना लिया था शस्त्र लाइसेंस
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुधीर सिंह ने अपनी पत्नी के नाम से भी झूठे शपथ पत्र के सहारे शस्त्र लाइसेंस बनवा लिया। खुलासा होने पर 12 अप्रैल 2021 को एडीएम टीजी (लखनऊ) ने शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया था। साथ ही विधिक कार्रवाई के आदेश दिए थे। जिस पर दरोगा भरत कुमार यादव की तहरीर पर गोमतीनगर थाने पर सुधीर और उसकी पत्नी सुनीता के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी।

पिता मेरठ छोड़कर बस गए थे बहराइच
पुलिस के मुताबिक हिस्ट्री शीटर सुधीर के पिता रामपाल सिंह रिटायर होने के बाद बहराइच मोतीपुर में बस गए थे। जहां पर एक जमीनी विवाद में हत्या के बाद से सुधीर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उसके खिलाफ बहराइच में हत्या समेत तीन, बाराबंकी में लूटपाट रंगदारी के दो और गोमती नगर में धोखाधड़ी के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों में मुताबिक आरोपित के पिता पुलिस विभाग में बड़े पद से रिटायर हुए थे। हालांकि पुलिस अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।