लखनऊ नगर निगम की बड़ी पहल:कारगिल शहीदों के परिवार का हाउस और सीवर टैक्स होगा माफ, सदन में प्रस्ताव पास

Lucknow

(www.arya-tv.com)लखनऊ नगर निगम ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर बड़ा ऐलान किया है।कारगिल शहीदों के परिवार का हाउस टैक्स के साथ सीवर और पानी का बिल माफ होगा। रविवार को नगर निगम सदन में यह प्रस्ताव पास हुआ। मेयर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि आज कारगिल शहीद दिवस है, इससे पहले सदन में यह फैसला लिया गया है। पूरे सदन ने सर्व सम्मति से इस प्रस्ताव को पास किया है।

इसके अलावा आने वाले दिनों में सभी शहीदों के परिवार को नगर निगम यह सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। पार्षद रामकृष्ण यादव और अमित चौधरी ने यह प्रस्ताव दिया जिसको सदन ने आगे लागू करने का आश्वासन दिया।

इसके अलावा सदन ने ईईएसएल, इकोग्रीन के कार्यों और भुगतान का परीक्षण करने और इनके करार कैंसिल करने के लिए कमिटी बनाने की बात की। यह कमिटी शासन को सदन के फैसले से अवगत कराएगी। तय हुआ कि नगर निगम का त्रिलोकनाथ हॉल का भी दोबारा निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 1 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई।

इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर

  • अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कालेज में पीजी की पढ़ाई होगी।
  • नगर निगम की सीमा में शमिल 88 गांवों में पहले गृह कर में कोई म्युटेशन चार्ज लिया जाएगा।
  • इंदिरा नगर/ इस्माइलगंज में प्राचीन शिव मंदिर मार्ग के निर्माण हेतु लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया गया।
  • लखनऊ पश्चिम विधानसभा की 9 सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तगत किया गया।
  • कल्याण मण्डप सेक्टर-1 विकास नगर एवं सामुदायिक केंद्र सेक्टर-4 का किराया बढ़ाया जाएगा।
  • नगर निगम द्वारा संचालित अमीनाबाद इंटर कॉलेज में तीन दुकानें बनेंगी।
  • इतिहासकार स्वर्गीय योगेश प्रवीण के नाम मौलवीगंज वार्ड के रकाबगंज चौराहे का नामकरण “श्री योगेश प्रवीन रकाबगंज चौराहा” किया जाएगा। एक द्वार का निर्माण भी किया जाएगा।