पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल के निधन पर नहीं जले कई घरों में चूल्हे

National

(www.arya-tv.com) प्रकाश सिंह बादल के निधन की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव बादल पहुंची तो रात भर उनके करीबी, चाहने वाले और समर्थक सो नहीं सके। यहां तक कि अनेक घरों में तो चूल्हे तक नहीं जले। सुबह से ही गांव बादल स्थित प्रकाश सिंह बादल के आवास पर नेताओं और समर्थकों का तांता लगा रहा।

बादल परिवार के करीबी व लंबी से यूथ अकाली दल के सर्किल अध्यक्ष रणजोध सिंह लंबी ने कहा कि बादल परिवार से उनकी चार पीढ़ियों की सांझ है। गांव का हर व्यक्ति प्रकाश सिंह बादल की बहुत इज्जत करता था और बादल भी हर किसी से अपनेपन से मिला करते थे।

यही कारण है कि जबसे उनके निधन की खबर सुनी है तब से घरों में चूल्हे नहीं जले। उन्होंने बताया कि उम्र के इस पड़ाव में भी वे अपने बाग में आते-जाते थे। डेयरी व पशुओं की देखभाल खुद करते थे।

बादल गांव पहुंचे मुक्तसर के पूर्व विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी ने कहा कि बादल के निधन से एक युग का अंत हुआ है। बादल सिर्फ सियासी नहीं बल्कि सामाजिक, धार्मिक तौर पर भी लोगों के बीच जाने जाते थे।

बादल एक संस्था थे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शिअद ही नहीं बल्कि अन्य दलों के नेताओं ने अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की।