कस्बा इस्लामनगर के मछली बाजार में शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दो मुस्लिम पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और छतों से ईंट-पत्थर बरसाए गए। बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पथराव और मारपीट में करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी भेजा गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी फटकारी। पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के डर से घायलों के नाम सामने नहीं आ पा रहे है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। पथराव और लाठी फटकारने के बाद मोहल्ले में अन्य घरों के लोगों में दहशत का माहौल है लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे है।
शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक मछली बाजार में दोपहर करीब तीन बजे मछली से भरा एक टेंपो बाजार पहुंचा। बाजार के मोड़ पर एक मीट विक्रेता की पल्सर बाइक दुकान के सामने खड़ी थी। इसी दौरान टेंपो चालक से बाइक में पीछे से टक्कर लग गई। जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक में हुई क्षति को लेकर टेंपो चालक और मीट विक्रेता के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। टेंपो चालक ने मछली बेचने के बाद शाम तक बाइक की मरम्मत के लिए रुपये देने का आश्वासन दिया।
