लखनऊ में मिले छह और कोरोना के मरीज, संख्या हुई 235

Lucknow UP

लखनऊ।(www.arya-tv.com) उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोरोना वायरस के लगातार केस मिलते ही जा रहे है। अब का बता दें की शनिवार यानी आज छह और कोरोना संक्रमितों की संख्या सामने आई है। इसमें नए मरीज दो तोपखाना, एक गोमतीनगर, एक एफएआइ कॉलेज में भर्ती और दो निजी लैब में पुष्टि हुई है।

ऐसे में राजधानी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्‍या 235 पहुंच गई है। जिसमें शहर के 154 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बता दें, बीते दिन यानी शुक्रवार को सात मरीज संक्रमित पाए गए थे। इसमें पांच नक्खास, शेष दो खदरा व लालबाग इलाकों से निकले। दो दिन में 13 लोगों में वायरस की पुष्‍ट‍ि हुई है।

वहीं, शहर से सटे जिलों में भी कोरोना संकट बढ़ रहा है। गोंडा में दिल्ली से आया युवक पॉजिटिव पाया गया। जिसके बाद यहां मरीजों की संख्‍या तीन हो गई है। बहराइच में पांच और कोरोना के नए केस समाने आने के बाद कुल संख्या 14 हो गई। श्रावस्ती में महाराष्ट्र से लौटा युवक कोरोना संक्रमित निकला। जिसके बाद जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हुई है।

बचाव के मद्देनजर तीन मई तक लॉकडाउन किया गया था, जिसे अब गृह मंत्रालय ने खतरा बढ़ता देख दो सप्‍ताह के लिए बढ़ा दिया। यानी कि लॉकडाउन 17 मई तक कर दिया गया है। इसके बावजूद कोरोना थमने का नाम नहीं ले रहा है। गौरतलब हो कि 26 अप्रैल से लगातार नक्खास लाल घेरे में बना हुआ है। अब तक इस इलाके से 12 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं।

सबसे पहले 26 अप्रैल यानी रविवार के दिन केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर के आइसीयू वार्ड में कार्यरत नक्खास निवासी नर्स कोरोना से संक्रमित पाई गई। उसके बाद नर्स के घर के चार लोग पॉजिटिव मिले। नर्स के घर के तीन सौ मीटर के धायरे को सील कर दिया गया। इसी बीच नर्स के दो पड़ोसी जांच में कोरोना की गिरफ्त में पाए गए। इसी के साथ शुक्रवार (आज) को इलाके के पांच और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई।

गोंडा में शुक्रवार को एक और कोरोना पाजिटिव मरीज पाया गया। उसे पड़री कृपाल स्थित कोविड -19 लेवल वन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर शाम जिले में 24 सैंपल की जांच रिपोर्ट मिली, जिसमें एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। वह खरगूपुर थाना क्षेत्र के नरायन पुर माफी गांव का निवासी है।

युवक पिछले 28 अप्रैल को दिल्ली से आया था। जिला चिकित्सालय में उसका नमूना लेकर आइसोलेशन में भर्ती कर दिया गया था। रिपोर्ट आने के बाद उसे पड़री कृपाल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में बनाए गए कोबिड-19 लेबल वन अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सीएमओ डा मधु गैरोला ने बताया कि युवक की कांटेक्ट हिस्ट्री खोजी जा रही है।जिले में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तीन हो गई है।

बहराइच के रिसिया ब्लॉक क्षेत्र के रहने वाले पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पूर्व में मिले संक्रमित के साथ यह लोग भी महाराष्ट्र से घर लौटे थे। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 14 पहुंच गई है। जिले के नोडल अधिकारी डॉ अतुल कुमार ने बताया कि 10 दिन पूर्व रिसिया ब्लाक क्षेत्र के 60 लोग डीसीएम से सवार होकर महाराष्ट्र से घर लौटे थे। इनमें पांच दिन पूर्व एक युवक में कोरोना की पुष्टि हुई थी। संक्रमित के संपर्क में रहे चार अन्य लोगों का भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। शुक्रवार रात पांच लोगों का भी सैंपल पॉज़िटिव पाया गया है। यह सभी लोग महिला अस्पताल क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए हैं। शनिवार सुबह एंबुलेंस से इन्हें कोविड-19 चित्तौरा भेजा जाए जाएगा।

श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र के बंठिहवा गांव निवासी युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। 27 अप्रैल को वह मुंबई से घर लौटा था। मॉडल स्कूल सिरसिया में उसे क्वारंटाइन किया गया था। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि युवक को मॉडल स्कूल सिरसिया में क्वारंटाइन किया गया था। 28 अप्रैल को उसका सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था।

शुक्रवार की शाम को आई रिपोर्ट में उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टी हुई है। शनिवार को युवक को कोविड-19 अस्पताल बहराइच भेजा जाएगा। सीएमओ ने बताया कि इस रिपोर्ट के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। इनमें से एक का लखनऊ तथा तीन का इलाज कोविड-19 अस्पताल बहराइच में चल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में कोरोना जांच के लिए कुल 521 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें से 458 की आई रिपोर्ट। 63 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है।