अयोध्या राम मंदिर के लिए शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट ने किया दान, श्रीकांत शिंदे ने श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट को सौंपा 11 करोड़ का चेक

# ## National

(www.arya-tv.com) शिवसेना शिंदे गुट की तरफ से शनिवार को अयोध्या में राम मंदिर के लिए 11 करोड़ रुपये का चेक दान किया गया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र और सांसद श्रीकांत शिंदे ने अयोध्या जाकर 11 करोड़ रुपये का चेक श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को सुपुर्द किया। इस मौके पर उनके साथ राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत भी थे।

पार्टी की और से दी गई जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर शनिवार को शिवसेना शिंदे गुट के नेताओं का एक दल अयोध्या गया। जिसमें सांसद श्रीकांत शिंदे, राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत, शिवसेना शिंदे गुच के राज्य समन्वयक नरेश म्हस्के, पार्टी के सचिव भाऊसाहेब चौधरी शामिल थे।

शिवसेना नेताओं का यह दल शाम को 5 बजे अयोध्या के कारसेवकपुरम पहुंचा उस के बाद शाम को रामलला के दर्शन किए और नए बन रहे राम मंदिर का भी जायजा लिया। उसके बाद तीर्थ क्षेत्र भवन में श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मुलाकात कर राम मंदिर के विकास के लिए और राम भक्तों की सेवा के लिए 11 करोड़ रुपये के चेक श्रीकांत शिंदे के हाथों दिया गया।

इस मौके पर श्रीकांत शिंदे ने कहा, ‘हिंदुहृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की याद में हम यह दान अर्पित कर रहे हैं। राम जन्मभूमि आंदोलन में शिवसैनिकों ने भी खून बहाया है। इस मौके पर हम उन्हें भी याद करते हैं। नए राम मंदिर को देखने और राम लला के दर्शन लेने से आज का दिन जीवन का अविस्मरणीय दिन बन गया है।’