सीमा के पाकिस्तानी पति ने की भारत सरकार से मांग, बोला- मेरे बच्‍चे मुसलमान….

International

(www.arya-tv.com) पाकिस्‍तान से भारत आई सीमा हैदर की कहानी सुर्खियों में है। उन्‍हें पबजी खेलते-खेलते एक भारतीय युवक से प्यार हुआ और वह बच्‍चों को लेकर भारत चली आईं। मगर अब उनके पति ने कहा है कि उन्‍हें उनके बच्‍चे वापस चाहिए। वह अब पाकिस्‍तान और भारत सरकार से बच्‍चों को वापस मुल्‍क भेजने की गुहार लगा रहे हैं।

उन्‍होंने कहा है कि उनके चारों बच्‍चे मुसलमान हैं और इसलिए उन्‍हें वापस भेजा जाए। सीमा इस समय भारत के उत्‍तर प्रदेश में ग्रेटर नोएड में रह रही हैं। उन्‍होंने वापस जाने से साफ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि उन्‍होंने पूरे दिल से भारतीय संस्‍कृति को अपना लिया है और अब अपने बच्‍चों के साथ भारत में ही रहेंगी।

गुलाम हैदर ने कराची के मालिर कैंट पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में उन्‍होंने कहा है कि उसकी पत्नी अपने चार बच्चों के साथ पाकिस्तान छोड़ गई। गुलाम हैदर और सीमा के चार बच्‍चे आठ साल का फरहान अली, छह साल की फरवा, चार साल की फरिहा बतूल और ढाई साल की फरहा बतूल है।

नादरा के रिकॉर्ड के मुताबिक, सभी बच्चे कराची में पैदा हुए थे। न्याय की मांग करते हुए हैदर ने जोर देकर कहा कि उसकी पत्नी को सलाखों के पीछे डाला जाना चाहिए और उसके बच्चों को उसे वापस कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनके बच्चे निर्दोष हैं। गुलाम ने भारत सरकार से अपनी पत्नी को तुरंत फिर से गिरफ्तार करने की अपील की। उनका कहना था, मेरे बच्चे धार्मिक मामलों से अनजान हैं लेकिन जन्म से मुसलमान हैं।

वहीं, हैदर के पिता अमीर जान ने कहा कि उनके बेटे ने उन्हें अपने परिवार से संपर्क टूटने की जानकारी दी। जान, हैदर के परिवार के बारे में पूछताछ करने के लिए कराची गए लेकिन घर के मालिक ने उन्हें बताया कि सीमा कुछ दिनों के लिए गांव गई है। हैदर का कहना है कि यह उम्माह का मामला है। उन्होंने भारतीय और पाकिस्तानी सरकारों से अपने मुस्लिम बच्चों को उनके साथ पुनर्मिलन की सुविधा प्रदान करने का आग्रह किया।

इस बीच, सीमा के माता-पिता ने खुद को इस स्थिति से दूर कर लिया है। सीमा, खैरपुर मीर जिले के कोट दीजी के एक गांव से है, जबकि हैदर सिंध के जैकोबाबाद जिले के तालुका गढ़ी खैरो के एक गांव के रहने वाले हैं। हैदर ने बताया कि सीमा और उनका प्रेम विवाह था। सीमा के माता-पिता की अस्वीकृति के कारण निकाह के तुरंत बाद वे कराची में रहने लगे थे।

हैदर साल 2019 से सऊदी अरब में एक मजदूर के रूप में काम कर रहे हैं। उसने भारतीय मीडिया में किए गए सीमा के दावों का खंडन कर दिया है। उसका दावा है कि वह 10 मई तक उसके कॉन्‍टैक्‍ट में थी। सीमा के पति ने यह भी बताया कि उसने सऊदी अरब जाने के लिए पासपोर्ट बनवाया था, लेकिन वह बच्चों को लेकर हिंदुस्तान पहुंच गई। उसने यह भी खुलासा किया कि सीमा ने किसी स्कूल में पढ़ाई नहीं की। लेकिन गांव के एनजीओ की मदद से अनौपचारिक शिक्षा हासिल की है।

पिछले हफ्ते सीमा और सचिन को गिरफ्तार किया गया था और कोर्ट ने उन्‍हें 14 दिनों के लिए जेल में भेज दिया था। सीमा के बच्चे फिलहाल उनके साथ हैं। दोनों ने शादी करने और साथ रहने की इच्छा जताई है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है। सीमा का कहना है कि उसने हिंदू धर्म अपना लिया है और अब भारत में ही अपने प्रेमी के साथ रहेगी।