यौन उत्पीड़न के केस में पूर्व PM के बेटे-पोते पर FIR, पीड़िता बोली-उसकी जान खतरे में

# ## National

(www.arya-tv.com)प्रज्वल रेवन्ना के कई अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद अब उनके साथ पिता की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं। एक कुक ने शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। कुक ने आरोप लगाया कि उसका यौन उत्पीड़न किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और हासन के सांसद प्रज्वल रेवन्ना, पिता और पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना ने पीछा भी किया। महिला कुक की शिकायत पर कर्नाटक के हासन जिले के होलेनरासीपुर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।

महिला कुक ने बताया कि वो रेवन्ना की वाइफ भवानी की रिलेटिव है। उनके घर पर वह काम करती थी। काम शुरू करने के चार माह बाद पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना ने उसका यौन उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। उसकी बेटी को प्रज्वल रेवन्ना वीडियो कॉल करता था। इस दौरान अश्लील बात करने के लिए मजबूर किया जाता था। महिला ने आरोप लगाया कि एचडी रेवन्ना की पत्नी जब घर पर नहीं होती थी, तब वह महिलाओं को स्टोर रूम में बुलाया करता था। वहां महिलाओं को फल देने के बहाने गलत तरीके से छुआ जाता था। महिलाओं की साड़ी की पिन तक हटाई जाती थी। कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया गया।

प्रज्वल के खिलाफ महिला ने कहा कि उसने बेटी के साथ छेड़खानी शुरू कर दी थी। जिसके बाद परेशान होकर उन्होंने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया। पीड़िता ने कहा कि आरोपी प्रभावशाली हैं। उनके परिवार को जान का खतरा है। पुलिस ने मामले में कई धाराएं लगाई हैं।

देश छोड़कर कहा गए हैं प्रज्वल!

इससे पहले हासन के सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोप लगे थे। आरोप है कि महिलाओं के वीडियो भी बनाए गए। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने एसआईटी गठित कर जांच के आदेश दिए थे। आरोप ये भी है कि प्रज्वल देश छोड़कर चले गए हैं। वे शनिवार को बेंगलुरु से फ्रैंकफर्ट के लिए रवाना हुए है। पता लगा है कि पहले जर्मनी जाएंगे, बाद में वहां से यूरोप के लिए रवाना होंगे। हालांकि परिवार ने इन सभी आरोपों को नकार दिया है।