विवेकानंद को नमन करते हुए सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई दी : प्रो.संजय सिंह

Lucknow

(www.arya-tv.com)बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ में स्वामी विवेकानंद जयंती पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर विवि के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। विवि के कुलपति आचार्य संजय सिंह ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि स्वामी विवेकानंद जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाए जाने का सबसे बड़ा कारण यह है कि विवेकानंद जी का जीवन युवाओं को जागरूक और प्रेरित करने के लिए समर्पित था। वे युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सबसे अहम मानते थे। वे कहते थे कि ‘मेरे साहसी युवाओं, यह विश्वास रखो कि तुम ही सब कुछ हो – महान कार्य करने के लिए इस धरती पर आए हो। चाहे वज्र भी गिरे, तो भी निडर हो खड़े हो जाना और कार्य में लग जाना। साहसी बनो।’ उनका पूरा चिंतन इस दिशा में था कि कैसे हम देश को युवाओं को सशक्त बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके विचारों के बारे में अवश्य पढ़ें और उससे प्रेरणा ले।