कोरोना: रिकॉर्ड संख्या में ठीक हो रहे मरीज, पीक के नजदीक पहुंच चुका भारत?

Health /Sanitation

(www.arya-tv.com) भारत में कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से ठीक हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार को 24 घंटे में रिकॉर्ड 62,282 मरीज ठीक हुए। अब तक कुल 21 लाख 58 हजार मरीज रिकवर हो चुके हैं। दुनिया के दूसरे देशों का उदाहरण देखें तो भारत कोविड-19 के पीक के नजदीक पहुंच चुका है। इसका मतलब है कि अब मरीजों की संख्या घटने लगेगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में रिकवरी रेट अब 74 पर्सेंट (21 अगस्त को 74.28% रिकवरी) से अधिक हो चुकी है। 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रिकवरी रेट 50 पर्सेंट से पार है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि देश में कोरोना से मृत्यु की दर दुनिया के औसत से कम है और इसमें लगातार गिरावट आ गई है। कोरोना मृत्यु दर अब 1.89 पर्सेंट है।

  1. तो क्या भारत कोविड-19 के पीक पर पहुंचने वाला है? या पीtक पर पहुंच चुका है? स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने एक ताजा विश्लेषण में दुनिया के दूसरे देशों का जो उदाहरण दिया है उसके मुताबिक भारत भी अब बेहतरी की ओर बढ़ रहा है।

एसबीआई ने 17 अगस्त को जारी रिपोर्ट में कहा है, ”भारत में 30 जुलाई से 15 अगस्त के बीच 10 लाख केस दर्ज किए गए यानी प्रतिदिन औसतन 58 हजार केस। अब भी एक बड़ा सवाल है कि भारत कब पीक पर पहुंचेगा? कुछ देशों के पीक डेटा और रिकवरी रेट के आधार पर हम मानते हैं कि भारत तब पीक पर पहुंचेगा जब रिकवरी रेट 75 पर्सेंट के पार हो जाए। विभिन्न देशों का औसत यही है।”

हालांकि रिपोर्ट में आगे यह भी कहा गया है कि रिकवरी रेट और पीक रेट में कोई लिंक नहीं है, क्योंकि ब्राजील तभी पीक पर पहुंच गया जब यहां रिकवरी दर 69 पर्सेंट थी। रिपोर्ट में देश के अलग-अलग राज्यों की स्थिति का विश्लेषण भी किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है, ”भारत में हर राज्य की स्थिति अलग है। कुछ राज्यों में माना जा सकता है कि पीक बीत चुका है, जैसे दिल्ली, तमिलनाडु आदि। जबकि दूसरे राज्यों (महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल) में यह अब भी आना बाकी है।”

एसबीआई रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि 27 में से कम से कम 22 राज्यों में पीक आना अब भी बाकी है। तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात, जम्मू और कश्मीर, त्रिपुरा में माना जा सकता है कि पीक बीत चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *