UP के 20 जिलों में अगले 24 घंटे में बारिश:गोरखपुर में 7 घंटे से बरसात हो रही

Environment

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। शनिवार सुबह लखनऊ में बादलों की आवाजाही जारी रही। दोपहर लगभग 12 बजे से शुरू हुई रिमझिम बारिश ने राजधानी के लोगों को जुलाई की चिपचिप वाली गर्मी से राहत दी।

उधर, गोरखपुर में पिछले 7 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। इसकी वजह से शहर के कई इलाकों में बिजली का संकट बना रहा। 24 इलाके पानी में डूब गए। जिला अस्पताल में भी पानी भर गया। मजबूरन गंदे पानी में खड़े होकर लोगों ने वैक्सीन लगवाई।

मौसम विभाग ने 18 और जिलों में बरसात और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने संभावना जताई है। इसको लेकर अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। 4 से 5 दिन तक मौसम ऐसा ही रहने के आसार जताए गए हैं।

दोबारा लौटा मानसून, अब होगा सक्रिय
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि 17 जुलाई से लखनऊ में भी दोबारा मानसून सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद 4 से 5 दिन तक मानसून खराब रहेगा। बीते 10 दिनों से राजधानी में चिपचिप वाली गर्मी से लोग परेशान हो रहे। बीते शुक्रवार की शाम से मौसम बदला। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

गोरखपुर में जल भराव
लगातार हो रही बारिश से गोरखपुर के कई इलाके पानी में डूब गए। वहीं, मोहदृीपुर, असुरन राप्ती कॉमप्लेक्स, देवरिया बाईपास और मेडिकल रोड, विजय चौक के कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। इसकी वजह से सुबह से ही नगर निगम और बिजली निगम की टीम दौड़ती रही। जलभराव वाले इलाकों में नगर निगम की ओर से पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाला गया तो बिजली निगम के कर्मचारी पूरे दिन फ़ॉल्ट ढूढंते रहे।

इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। बिजली चमक और के साथ पानी गिरने के आसार जताए हैं। यूपी के सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, आयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया और अंबेडकरनगर जिले में मौसम विभाग में बरसात होने की संभावना जताई है।

इन शहरों का ऐसा है हाल

  • आगरा: सुबह से उमस भरी गर्मी है। तापमान 32 डिग्री सेल्सियस है।
  • गोरखपुर: सुबह 6 बजे से लगातार हो रही बारिश। शहर के दो दर्जन इलाके पानी में डूबे। जिला अस्पताल में भी भरा पानी। गंदे पानी में खड़े होकर वैक्सीन लगवाने को मजबूर हुए लोग।
  • मेरठ: सुबह से उमस भरी गर्मी है। तापमान 34 डिग्री सेल्सियस है। गर्मी से लोग परेशान हैं।
  • बरेली: कभी धूप कभी छाव का मौसम रहा। उमस बढ़ती जा रही है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम 37 डिग्री है।
  • वाराणसी: उमस भरी गर्मी है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। तापमान 30 डिग्री सेल्सियस है। हवा 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है।