Rae Bareli News : शादी के 6 माह बाद पति-पत्नी ने एक साथ फंदा लगाकर दी जान, कमरे में मिले दोनों के शव

# ## Lucknow

रायबरेली। जिले के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। शादी के महज छह महीने बाद पति-पत्नी ने कथित तौर पर एक ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब परिजन खेत से लौटे और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

दरवाजा तोड़ने पर सामने आया दर्दनाक मंजर

पुलिस के अनुसार, पखरामऊ गांव निवासी अभिनव कुमार (25) का विवाह करीब छह माह पहले गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के अघोरा गांव निवासी रूपाली साहू से हुआ था। परिजनों का कहना है कि विवाह के बाद से दोनों के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था।

सोमवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। उस समय परिवार के अन्य सदस्य खेतों में काम करने गए थे। घर लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर दोनों पति-पत्नी एक ही पंखे से फंदे पर लटके मिले।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

सूचना मिलते ही डलमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कोतवाल राघवन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।