रूस के 38 शहरों में पुतिन के खिलाफ प्रदर्शन:पुलिस ने महिला प्रदर्शनकारियों को घसीटकर पीटा

# ## International

(www.arya-tv.com)  रूस-यूक्रेन जंग पिथले 7 महीनों से जारी है। इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने 21 सितंबर को यूक्रेन के चार इलाकों में 3 लाख रिजर्व सैनिक तैनात करने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा के बाद से ही देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गए। पुलिस ने हजारों लोगों को हिरासत में लिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, येकातेरिनबर्ग समेत कुछ शहरों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और घर लौटने की अपील की थी। प्रदर्शन तेज होने के बाद पुलिस ने लोगों पर लाठियां बरसा दीं।

हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरे लोग
विरोध प्रदर्शन और पुलिस के साथ हुई झड़पों के कुछ वीडियो वायरल हुए हैं। इसमें पुलिस को लोगों के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने प्रोटेस्ट कर रहीं महिलाओं के साथ बेरहमी से साथ मार-पीट करती दिखी। एक वीडियो में कुछ पुलिस ऑफिसर्स एक महिला को घसीटते हुए दिखाई दिए।

एक अन्य वीडियो में देखा जा सकता है कि हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर मार्च कर रहे हैं। ‘नो टु वॉर’ के नारे लगा रहे हैं। स्काई न्यूज के मुताबिक, मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग समेत 38 शहरों में प्रदर्शन कर रहे करीब 1,371 लोगों को हिरासत में लिया है।

NATO ने एटमी हमले की धमकी दी- पुतिन
प्रेसिडेंट पुतिन ने 3 लाख सैनिकों की तैनाती के ऐलान से पहले पश्चिमी देशों पर ‘न्यूक्लियर ब्लैकमेल’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नाटो के कुछ बड़े नेता रूस के खिलाफ एटमी हथियार इस्तेमाल करने की धमकी दे रहे हैं।

पुतिन ने कहा- अगर पश्चिमी देश परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को लेकर ब्लैकमेल करेंगे तो रूस भी अपनी पूरी ताकत से जवाब देगा। हम अपने देश की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। इसके लिए पुतिन ने सेना के मोबिलाइजेशन को लेकर एक डिक्री पर साइन किया है।