रिजल्ट आना शुरू; 13 जिलों में बवाल, इटावा में एसपी सिटी को थप्पड़ मारा

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में आज ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए 11 बजे से मतदान जारी है। इसके साथ ही राज्य के कई जिलों में हिंसा की भी खबरें हैं। इटावा में पुलिस और भाजपाइयों के बीच जमकर भिड़ंत हुई है। इटावा में पुलिस अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की गई। एसपी सिटी को थप्पड़ मार दिया है। वहीं, लखनऊ, प्रतापगढ़, हमीरपुर, सिद्धार्थनगर, अमरोहा, रायबरेली, फिरोजाबाद, कानपुर, एटा, पीलीभीत, महोबा, बाराबंकी, चंदौली समेत 13 जिलों में गोलीबारी, पथराव, उपद्रव और मारपीट हुई है।

कुल 825 पदों में से 476 पदों के लिए दोपहर 3 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इससे पहले शुक्रवार को नाम वापसी के बाद 349 ब्लॉक प्रमुख को निर्विरोध चुन लिया गया है। इनमें 334 से ज्यादा भाजपा के प्रत्याशी हैं। वोटिंग को शांति पूर्ण तरीके से निपटाने के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। मतदान और मतगणना केंद्रों में बिना चेकिंग किसी को एंट्री नहीं मिलेगी।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि कुल 1778 नामांकन बीते गुरुवार को हुए थे। जांच में 68 पर्चे खारिज कर दिए गए। जबकि 187 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। वोटिंग के बाद मतगणना शुरू होगी। नतीजे भी आज ही घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जनपद गोंडा के मुजेहना ब्लॉक योजना का कार्यकाल एक साल बाद पूरा होगा। इसलिए यहां चुनाव एक साल बाद होगा। बाकी 15 ब्लॉकों में आज वोट डाले जाएंगे।

  • रिजल्ट अपडेट्स…
  • मऊ के मोहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक से गैंगस्टर अजीत सिंह की पत्नी भाजपा उम्मीदवार रानू सिंह विजयी हुई हैं। सपा के शिवबचन यादव को हराया है।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव का रिजल्ट
जिला ब्लॉक भाजपा सपा अन्य
लखनऊ 10 03 05 02
सम्भल 01
मऊ 01
आगरा 15 15 00 00
वाराणसी 08 05 00 01
गौतमबुद्ध नगर 03 02 00 01
बिजनौर 11 10 00 01

मतदान अपडेट्स…

  • प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा ब्लाक में मतदान स्थल के बाहर सपा नेताओं और पुलिस में झड़प हुई। सपाइयों ने पुलिस पर पथराव किया है। बचाव में पुलिस ने हवाई फायरिंग की है।
  • सीतापुर के पहला ब्लॉक पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों की गाड़ी से असलहा, लाठी-डंडे, ज्वलनशील पदार्थ बरामद हुआ है। एक युवक गिरफ्तार हुआ है।
  • अमरोहा के जोया ब्लॉक में मतदान केंद्र के बाहर सपा और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। कई लोग जख्मी हुए हैं।
  • फिरोजाबाद के जसराना ब्लॉक में निर्दलीय प्रत्याशी संजीव यादव की गाड़ी से एक राइफल और एक पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस ने जब्त किया है।
  • रायबरेली के शिवगढ़ ब्लाक परिसर के बाहर भाजपा नेताओं ने जमकर हंगामा किया। यहां निर्दलीय प्रत्याशी शिल्पा सिंह के समर्थक व भाजपा समर्थक आमने सामने हैं।
  • हमीरपुर के सुमेरपुर ब्लाक में सपा क्षेत्र पंचायत सदस्यों पर भाजपा नेताओं ने हमला किया। इस दौरान कई गाड़ियां तोड़ी गई। पुलिस मौके पर मूकदर्शक बनकर खड़ी रही।
  • सिद्धार्थनगर के नौगढ़ ब्लाक में भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने वोटिंग करने जा रहे बीडीसी को पुलिस की मौजूदगी में खींचकर पीटा है। बीडीसी को पुलिस ने भगा दिया है। निर्दल प्रत्याशी ने प्रशासन पर सत्ता पक्ष के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है।
  • कानपुर के चौबेपुर ब्लॉक में सपा-भाजपा समर्थक आमने-सामने आ गए हैं। वर्चस्व को लेकर दोनो तरफ से नारेबाजी हो रही है। यहां भाजपा के राजेश शुक्ला और सपा के अभिनव शुक्ला के बीच मुकाबला है। पुलिस समझाने में जुटी है।
  • महोबा के चरखारी ब्लॉक में वोटिंग के दौरान गड़बड़ी का मामला सामने आया है। वार्ड 106, 712 और 15 के सदस्यों का आरोप है कि उनके प्रस्तावक प्रपत्र पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए हैं।
  • लखनऊ के सरोजनी नगर ब्लॉक के बाहर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। ब्लॉक में चल रही वोटिंग को लेकर धांधली का आरोप लगाया है। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है।
  • इटावा के सदर क्षेत्र के बढ़पुरा ब्लॉक में मतदान प्रभावित किया गया है। पुलिस और सत्ता पक्ष के लोगों में मारपीट हुई है। भीड़ को अनियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में हुई हवाई फायरिंग।
  • बाराबंकी के त्रिवेदीगंज ब्लॉक में वर्तमान बीजेपी ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी और पूर्व बीजेपी नेता के बीच जमकर बवाल हुआ। बवाल के दौरान गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। हाईवे पर कई घंटों तक अफरा-तफरी रही। पुलिस बल ने भीड़ को अनियंत्रित किया।
  • चंदौली के सदर ब्लॉक में सपा और भाजपाइयों में विवाद हुआ और दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। हालांकि मामले को संभालने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग का प्रयास किया लेकिन तब तक मामला बिगड़ चुका था और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई।