(www.arya-tv.com) सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की कराची खाना शाखा के 11 लाकर तोड़े जाने के मामले में मुख्य आरोपित लाकर इंचार्ज शुभम मालवीय के बैंक खातों की महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को मिली है। अब तक पुलिस शुभम के पांच बैंक खाते खंगाल चुकी है, जिसमें सात लाख रुपये जमा मिले हैं। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने अन्य आरोपितों के बैंक खातों की जानकारी के लिए उनके पेन कार्ड नंबर आयकर विभाग को भेजे हैं।
लाकर मामले में पुलिस ने अब तक एक किलो सोने के जेवर बरामद होने का दावा किया है। इसके अलावा माना जा रहा आरोपितों ने चोरी के जेवरात बेच कर नकदी बना ली है। इसीलिए पुलिस आरोपितों के बैंक खातों को खंगाल रही है। फिलहाल शुभम मालवीय के पांच बैंक खातों की डिटेल पुलिस तक पहुंच चुकी है। इसके मुताबिक अब तक शुभम के पांच खातों की जानकारी मिली है, जिसमें से एक खाता निष्क्रिय है।
एक खाता मां व एक खाता पत्नी के साथ संयुक्त है। इन खातों में सात लाख रुपये जमा हैं। जो भी लेनदेन हुआ है, वह हाल के छह महीनों पहले हुआ है। डीपीसी पूर्वी प्रमोद कुमार ने बताया कि उन्होंने सभी छह आरोपितों के नाम, उनके आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर की जानकारी आयकर विभाग से साझा किया है, ताकि उनके माध्यम से अन्य बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा सके।
रिश्तेदारों को बेच दिया था जेवर : पुलिस ने अब तक जो एक किलो जेवर बरामद किए हैं, उसकी बरामदगी पुलिस ने आरोपितों के रिश्तेदारों के घर दिखाए है। जांच की जा रही है कि रिश्तेदारों ने जानबूझकर चोरी के जेवर खरीदे या उन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं थी। पुलिस की मानें तो शुभम मालवीय के साथ मिलकर चंद्रप्रकाश ने ही पूरी साजिश को अमली जामा पहनाया। जेवर बेचने की जिम्मेदारी भी चंद्रप्रकाश को दी गई थी।