दीपावली पर आगरा में पानी के लिए मची त्राहि-त्राहि:देर शाम तक पानी को तरसते रहे लोग

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) शहर में दीपावली पर पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई। बुधवार को देर शाम तक लोग पानी के लिए तरसते रहे लेकिन जरूरत का आधा पानी भी नसीब नहीं हुआ। जल संस्थान से यमुना और गंगा का जल मिलाकर आपूर्ति दी जा रही है लेकिन वह पर्याप्त नहीं हैं। हरिद्वार से अपर और मध्य गंगा केनाल बंद होने से यह संकट पैदा हुआ है। वहां पालड़ा फाल तक गंगाजल नहीं आ रहा है, जिससे आगरा में गंगाजल की आपूर्ति सप्लाई ठप है। दरअसल पालडा फाल से ही आगरा को गंगाजल मिलता है। अत्यधिक बारिश के कारण सिंचाई विभाग ने 5 दिन पालडा फाल को बंद कर दिया था। इसके बाद जलकल विभाग ने जल संस्थान में भंडारित गंगाजल से शहर में 3 दिन तक तो आपूर्ति बहाल रखी लेकिन भंडारण खत्म होने पर शहर में गंगाजल आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई।

पालडा फाल से मिला सिर्फ 30 क्यूसेक पानी
जलकल विभाग के अधिशाषी अभियंता शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पालडा फाल से आगरा को रोजाना 150 क्यूसेक पानी मिलता है। पिछले तीन से लगातार इसमें गिरावट आती गई और बुधवार को दोपहर बाद मात्र 30 क्यूसेक गंगाजल ही आगरा को मिल सका। इसलिए यमुना और गंगा का जल मिलाकर शहर में सिकंदरा और जीवनी मंडी प्लांट से 50 से 60 क्यूसेक पानी की सप्लाई की जा सकी।
दरअसल फालडा फाल में गंगाजल सप्लाई बहाल रखने का जिम्मा जल निगम के पास है। वहां से आपूर्ति मिलने पर शहर में पर्याप्त सप्लाई व्यवस्था सुद्ढ़ रखने की जिम्मेदारी जल-कल विभाग के पास है। ऐसे में जल निगम विभाग आगरा को पर्याप्त गंगाजल फालडा फाल से उपलब्ध नहीं करा पाया है, इसलिए यह संकट है।

मामले में शासन स्तर पर बातचीत होने के बाद हरिद्वार से मध्य गंगा कैनाल को चालू कर दिया गया है लेकिन अभी तक पालड़ा फाल होते हुए आगरा तक गंगाजल नहीं पहुंचा है। गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह तक पालडा फाल के जरिए गंगाजल आगरा तक पहुंचने की सम्भावना है।

इन इलाकों पानी का ज्यादा संकट
आगरा में सिकंदरा और जीवनी मंडी से पोषित इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए रस रहे हैं। ट्रांस यमुना कॉलोनी, दयालबाग क्षेत्र, लॉयर्स कालोनी, काला महल, लोहामंडी समेत दर्जनों इलाकों में बुधवार शाम को पानी का संकट गहरा गया। सिकंदरा, बोदला, केदार नगर, शाहगंज, राजामडी, मंदिया कटरा, महर्षिपुरम आदि में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है। बल्केश्वर, विजय नगर, गांधी नगर, जीवनी मंडी, बेलनगंज, कचहरी घाट, रावतपाड़ा, दरेसी, बिजलीघर, मटोला, बालूगंज, ताजगंज आदि क्षेत्र आपूर्ति के दौरान नलों में प्रेशर नहीं था।