(www.arya-tv.com) रुहेलखंड मेडिकल कालेज के चेयरमैन डा. केशव अग्रवाल पर हमले के एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपित संजय नगर का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसका नाम अनीस है। शुरुआती पूछताछ में अब तक आरोपित ने घटना में तीन साथियों के शामिल होने की बात बताई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में उसने 2019 में मेडिकल कालेज की दीवार गिराए जाने को लेकर विवाद की बात बताई है। घटना में शामिल अन्य दोनों आरोपितों के पकड़े जाने के बाद पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठेगा। पकड़े गए आरोपित की निशानदेही पर पुलिस फरार अन्य दोनों आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
बता दें कि बदमाशों ने शनिवार रात बरेली की कानूून व्यवस्था को धता बताते हुए जरुहेलखंड मेडिकल कालेज के चेयरमैन डा. केशव आग्रवाल को गोली मार दी थी। वह स्टेडियम रोड पर स्थित शिव मंदिर से पूजा करके घर जा रहे थे। कार में वह पिछली सीट पर थे। जैसे ही उनकी कार आगे बढ़ी पीछे से बाइक पर आए दो हमलावरों ने गोली चला दी। बदमाशों ने उनकी कार की विंड स्क्रीन पर फायर किया। गोली विंड स्क्रीन को तोड़ती हुई उनके जबड़े को पार कर गई।
गंभीर हालत में उन्हें डेलापीर स्थित केशलता अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब उनकी हालत स्थिर है। होश में आने पर उन्होंने बताया था कि रात करीब सवा आठ बजे वह मंदिर में पूजा करने के बाद घर के लिए निकले थे तभी बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से उनके दो दांत टूट गए तथा जीभ से भी खून निकलने लगा था। वहीं पुलिस जांच में सामने आया था कि बदमाशों ने करीब डेढ़ फीट की दूरी से गोली मारी।