किराए की कोख मामले में नया खुलासा : पैदा हुए थे बेटे, बेची जा रही थीं बेटियां

Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा में किराए की कोख प्रकरण में शुक्रवार को सनसनीखेज खुलासा हुआ। पुलिस के नोटिस देने पर फरीदाबाद से तीन डॉक्टर अपने बयान दर्ज कराने आगरा आए थे। उन्होंने जानकारी दी कि बिहार की महिला ने नर्सिंग होम में बेट और बेटी के रूप में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। वहीं रूबी नाम की महिला के भी बेटा हुआ था। जबकि पुलिस ने गैंग के पास से तीन बच्चियों को बरामद किया है। पैदा बेटे हुए थे। बेटियां कहां से आईं। अब यह सवाल उठ खड़ा हुआ है।

लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 19 जून को पुलिस ने दो गाड़ियों को पकड़ा था। तीन युवक, दो महिलाएं गिरफ्तार हुए थे। उनके कब्जे से तीन नवजात बच्चियां मिली थीं। गिरफ्तार महिलाओं ने अपने नाम रूबी और नीलम बताए थे। वहीं एक कार चालक प्रमोद फरीदाबाद का निवासी था। अमित व राहुल दिल्ली के निवासी थी। नीलम से पूछताछ में पता चला था कि वह पति से अलग रहने वाली गरीब महिलाओं को अपने जाल में फंसाती थी। उन्हें सेरोगेसी के लिए तैयार करती थी। बच्चा पैदा होने पर तीन से चार लाख रुपये उन्हें दिया करती थी। एक बच्चा लगभग आठ लाख रुपये में बिकता था। नेपाल में नर्सिंग होम चलाने वाली एक महिला से उनका संपर्क था। वहीं ग्राहक बताया करती थी। सेरोगेसी के लिए भी उसके नर्सिंग होम में ले जाया जाता था। डिलीवरी भी नेपाल में हुआ करती थी। इस बार लॉकडाउन के कारण डिलीवरी फरीदाबाद में करानी पड़ी थी।