हर मोहल्ले में मॉल से पहले लाइब्रेरी होनी चाहिए : डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • हर मोहल्ले में मॉल से पहले लाइब्रेरी होनी चाहिए : डॉ. राजेश्वर सिंह
  • मेटाफर लखनऊ लिटरेचर फेस्टिवल में पठन संस्कृति को बढ़ावा देने पर दिया जोर, साहित्य प्रेमियों को भेंट कीं 250 पुस्तकें

लखनऊ। मेटाफर लखनऊ लिटरेचर फेस्टिवल के 14वें संस्करण में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने साहित्य, संस्कृति और पठन-पाठन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हर मोहल्ले में मॉल से पहले लाइब्रेरी होनी चाहिए। साहित्य समाज का पथप्रदर्शक है और पढ़ने की संस्कृति से ही जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण संभव है। उन्होंने साहित्य प्रेमियों को 250 पुस्तकें भी भेंट कीं।

  • 60 आरडब्ल्यूए में स्थापित हुए पुस्तकालय

डॉ. सिंह ने बताया कि सरोजनीनगर की 150 आरडब्ल्यूए में से 60 में पुस्तकालय स्थापित कराए जा चुके हैं। प्रत्येक पुस्तकालय में 50 उपयोगी पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें ज्ञान के साथ विचार और रचनात्मकता को भी बढ़ावा देती हैं।

  • 2030 तक पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण का लक्ष्य

उन्होंने देश की लगभग 1.2 करोड़ प्राचीन पांडुलिपियों को डिजिटल रूप में संरक्षित करने के अभियान का उल्लेख किया। अब तक करीब आठ लाख पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण हो चुका है। वर्ष 2030 तक यह कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने सरोजनीनगर में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के आधुनिक परिसर के निर्माण का भी उल्लेख किया।

  • जावेद अख्तर सहित कई हस्तियां रहीं मौजूद

कार्यक्रम में प्रख्यात गीतकार जावेद अख्तर, जयदीप नारायण माथुर, कनक रेखा चौहान, आभा सिंह, अतुल तिवारी, आलोक श्रीवास्तव, सूर्य मोहन कुलश्रेष्ठ और फैसल मलिक सहित साहित्य एवं कला जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं। डॉ. सिंह ने जावेद अख्तर के साहित्यकारों और गीतकारों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष की सराहना की।