गोरखपुर में व्यापारी की हत्या करने वाले 3 गिरफ्तार

# ## Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com)  गोरखपुर पुलिस ने तीन हत्यारोपी गिरफ्तार किए हैं। इन आरोपियों ने तीन दिन पहले गोली मारकर व्यापारी की हत्या की थी। व्यापारी दुर्गा प्रतिमा विजर्सन में गया था। शाहपुर इलाके में जहां पर हत्या हुई, वहां से कुछ दूर शाहपुर थाना और असुरन पुलिस चौकी है, लेकिन इसके बाद भी तीनों आरोपी व्यापारी की हत्या कर बड़ी आसानी से निकल गए।

हालांकि घटना से कुछ देर पहले आरोपी युवक व्यापारी के साथ हंसी-मजाक कर रहा था। इसका वीडियो भी सामने आया है। लेकिन पुलिस का दावा है कि रुपयों के लेन देने को लेकर हत्या की गई है।

पिस्टल और कारतूस भी बरामद

रविवार को पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों के पास से एक .32 बोर पिस्टल, 3 खोखा कारतूस और एक डैमेज कारतूस बरामद किया है।

यह हैं पकड़े गए आरोपी
SP सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया, पकड़े गए बदमाशों की पहचान पंकज त्रिपाठी निवासी राजनगर कालोनी आस्था अस्पताल के सामने थाना शाहपुर, शिव निषाद उर्फ लकी निवासी हरसेवकपुर नंबर-1 शिव मन्दिर टोला थाना गुलरिहा और शिवेश दत्त त्रिपाठी निवासी ग्राम करही पोस्ट बरही थाना झंगहा के रूप में हुई। शिवेश यहां न्यू कालोनी सिंघड़िया कूड़ाघाट में रहता है।

पंकज और विकास में चल रहा था विवाद
SP सिटी ने बताया, मृतक विकास तिवारी उर्फ गोलू और पंकज त्रिपाठी में कुछ महीनों से पैसों के हिसाब को लेकर काफी मनमुटाव चल रहा था। विकास तिवारी ने जूलूस के दौरान पंकज त्रिपाठी को सार्वजनिक रुप से अशब्द बोले दिया था। इसी बीच जुलूस में ही लकी निषाद से विकास का विवाद हो गया।

पंकज ने रची साजिश, लकी ने मारी गोली
इस बात को लकी ने पंकज से बताया, पंकज ने लकी को उकसा दिया कि विकास तिवारी मुझे भी बेइज्जत किया है। तुम इसे देख लो। इसके बाद पंकज की साजिश के तहत उकसाने पर लकी ने विकास को गोली मार दी। हत्या के बाद वहां मौजूद शिवेश दत्त त्रिपाठी ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को ले करके छिपा दिया था।

बदमाशों पर पहले से भी दर्ज हैं हत्या के केस
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाश पंकज त्रिपाठी पर शाहपुर और गोरखनाथ थाने में पहले से भी हत्या के दो केस दर्ज हैं। जबकि उसपर एक हत्या के प्रयास का भी केस दर्ज है। वहीं, लकी और शिवेश पर भी हत्या सहित दो- दो केस पहले से दर्ज हैं।