वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध: नगर आयुक्त

Lucknow
  • वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के नगर निगम प्रतिबद्ध: नगर आयुक्त
  • तालाब में गम्बूजिया मछली के 5000 बच्चे डाले गये
  • कार्य में लापरवाही के​ लिए नगर अभियंता सहित अन्य के 7 दिन के वेतन काटने का आदेश

(www.arya-tv.com)नगर आयुक्त अजय ​कुमार द्विवेदी ने बताया कि वेक्टर जनित रोगों यथा- डेंगू, मलेरिया, फाईलेरिया एवं कोविड-19 की रोकथाम के लिए नगर निगम लखनऊ नगर क्षेत्रांतर्गत स्थित तालाब एवं झीलों की विशेष अभियान चलाकर करवा कर सफाई करायी जा रही है। तालाबों की सफाई के साथ-साथ उन सभी तालाबों/झीलों में मच्छरों के लार्वा खाने वाली गम्बूजिया मछली भी डलवायी जा रही है। इसी क्रम में नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी द्वारा अपर नगर आयुक्त श्रीमती अर्चना द्विवेदी क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अनीता सिंह एवं क्षेत्रीय निवासियों की उपस्थिति में जोन-7 अन्तर्गत इस्माइलगंज द्वितीय वार्ड के सेक्टर-9 स्थित तालाब में गम्बूजिया मछली के 5000 बच्चे डाले गये।

तत्पश्चात नगर आयुक्त द्वारा इन्दिरा नगर सेक्टर-9 क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में जगह-जगह कूड़े के ढेर, भवन निर्माण सामग्री का मलबा, निष्प्रयोज्य सिमेन्ट पाइप तथा कहीं-कहीं नालियां पूरी तरह से मिट्टी से पटी हुयी पायी गयीं। इस सम्बन्ध में नगर आयुक्त द्वारा मौके पर ही जोनल अधिकारी चन्द्रशेखर यादव से नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल मार्गाें/नालियों की सफाई करवाते हुए कूड़े का निस्तारण कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। इसके साथ ही नगर अभियंता डी0डी0 गुप्ता को प्रश्नगत जोन/क्षेत्र से भवन निर्माण सामग्री का मलबा, निष्प्रयोज्य सिमेन्ट पाइप हटवाने हेतु निर्देशित करते हुए जोन में नियमित रूप से निरीक्षण/पर्यवेक्षण न किये जाने के कारण उक्त स्थिति के दृष्टिगत नगर अभियंता डी0डी0 गुप्ता, सहायक अभियंता संजय पाण्डे अवर अभियंता अरूण कुमार मिश्रा, देवेन्द्र कुमार सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सहित उपरोक्त सभी का 07 दिन का वेतन काटते हुए सभी को एक-एक प्रतिकूल प्रविष्टि देने और उसका अंकन सम्बन्धित की सेवा पुस्तिका पर कराये जाने हेतु अपर नगर आयुक्त(ए0के0) को निर्देशित किया गया। साथ ही दयाराम सफाई पर्यवेक्षक द्वारा कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका (मस्टर रोल) समय पर न दिखा पाने पर कठोर कार्यवाही किये जाने हेतु नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया।