लखनऊ में हर महीने 2 करोड़ की साइबर जालसाजी:8 महीने में 3000 से ज्यादा मामलें

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)  लखनऊ में हर महीने 2 करोड़ की साइबर ठगी हो रही है। 8 महीनों में करीब 3460 शिकायतें साइबर सेल के पास पहुंची हैं। साइबर एक्सपर्ट अमित दुबे के मुताबिक हर 3 महीने में साइबर जालसाजी का पैटर्न बदला जा रहा है। मैरिज ब्यूरो, जॉब डॉट कॉम, फर्जी कस्टर केयर के जरिए पढ़े-लिखे लोगों को भी इसका शिकार बनाया जा रहा है।

जनवरी 2022 से अगस्त तक करीब 16 करोड़ रुपए की साइबर जालसाजी हुई है। पिछले 5 सालों में दर्ज मामलों में करीब 20% की बढ़ोतरी दिख रही है। लखनऊ में 2014 में साइबर क्राइम सेल शुरू हुई थी। उस साल साइबर फ्राड के सिर्फ 850 मामले आए थे। अब हर साल 10 हजार से ज्यादा मामले पहुंच रहे हैं। अगस्त 2022 तक 3460 साइबर क्राइम की शिकायतें आ चुकी हैं।

साइबर क्राइम पर विधानसभा में उठा मुद्दा
विधानसभा में प्रश्नकाल में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा- यूपी में जनवरी 2021 से जुलाई 2022 तक साइबर अपराध के 16552 मामले दर्ज हुए। जिसमें 5769 मामलों का खुलासा करते हुए साइबर पुलिस टीम ने 3595 अपराधियों को जेल भेजा। यूपी में साइबर थाना, साइबर हेल्प डेक्स बनाई। उन्होंने ये मंगलवार को सपा विधायक पंकज कुमार मलिक के सवाल पर कहा था।

अब आपको बताते हैं कि साइबर ठगी का पैटर्न क्या है…

  • खाता को आधार से लिंक कराने के लिए
  • नौकरी की वेबसाइट के जरिए
  • अंजान लिंक को क्लिक करते ही
  • इनामी योजना के पेमेंट रिसीव कराने के नाम पर
  • शादी पर गिफ्ट देने के बहाने

पैटर्न के बाद आपको एक्टिव गैंग के बारे में भी पढ़वाते हैं….

  • जामताड़ा का इनामी योजना के नाम पर ठगी करने वाला गैंग
  • नाइजीरिया का शादी के नाम पर ठगी करने वाला
  • दिल्ली का फ्रैंचाइजी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गैंग
  • नोएडा, लखनऊ और कानपुर का बैंक खाते से संबंधी अपडेट के नाम पर ठगी
  • चीनी गैंग फर्जी खाते खोलकर कई प्रकार की स्कीम बताकर ठगी कर रहा है।

अब पढ़िए कि लखनऊ साइबर सेल में 5 साल में शिकायतों के पहुंचने का ट्रेंड कैसे बढ़ रहा है…

वर्ष शिकायतें एफआईआर
2018 2300 962
2019 2500 1262
2020 2900 1465
2021 3800 1067
2022 3460

पैटर्न, गैंग के बारे में बताने के बाद आपको जालसाजी का शिकार होने पर क्या करना है, ये भी पढ़वाते हैं…

साइबर ठगी होते ही इस नंबर करें फोन, यहां करें मेल
साइबर अपराध का शिकार होने की जानकारी होते ही 155260 हेल्पलाइन पर कॉल करके शिकायत नोट करवा सकते हैं। https://cybercrime.gov.in/ पर जाकर शिकायत कर सकते हैं। यहां शिकायत दर्ज कराने के बाद ऑन लाइन फ्राड की ट्रांजेक्शन आईडी के जरिए लेनदेन को रोक दिए जाएगा।

साइबर आर्थिक ठगी से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

  • बैंक से खाते की केवाईसी अपडेट कराने के लिए कभी भी किसी से ओटीपी/सीवीवी/पिन नंबर नहीं साझा करना चाहिए।
  • किसी के कहने से कोई भी ऐप डाउनलोड न करें।
  • किसी भी बेवसाइट पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से पहले अच्छी तरह जांच लें।
  • ऑनलाइन सेवाएं देने वाली कंपनियों और सरकारी विभाग के कस्टमर केयर का नम्बर आधिकारिक वेबसाइट से ही लें।
  • अज्ञात व्यक्ति या अज्ञात मोबाइल नम्बर से भेजी गई लिंक को क्लिक न करें।
  • सरकारी उपक्रम, वेबसाइट या फंड की आधिकारिक वेबसाइट से ही ट्रांजैक्शन करें। वॉलेट और केवाईसी का अपडेट ऑथराइज्ड सेन्टर पर जाकर ही कराएं।
  • सोशल एकाउंट व बैंक खातों का पासवर्ड स्ट्रांग बनाएं। इसमें नम्बर, अक्षर और चिह्न तीनो हों। साथ ही टू-स्टेप-वैरिफिकेशन लगाए रखे।

इन साइट से हो रही सबसे ज्यादा ठगी

  • https://applypanindia.in
  • https://bonusredeem.online
  • https://onlineoffer.in.net
  • https://rewardpoints.in.net
  • https://www.quickreplacement.com
  • https://www.quikr.com/jobs

अब आपको वो तरीके बताते हैं, जिनके जरिए जालसाज आपको ठग सकते हैं। 3 केस हिस्ट्री की मदद से समझिए…

1.फर्जी वेबसाइट बनाकर रिटायर CMO से हुई ठगी
जानकीपुरम सेक्टर एफ निवासी रिटायर CMO डॉ. राजेश गुप्ता से साइबर ठग ने वेर्तू मोबाइल कंपनी की फर्जी वेबसाइट से करीब एक लाख रुपया ठग लिया। साइबर टीम ने पूर्व मुबंई बोरेवली नीलम दौलत नगर रोड निवासी मोनिस पुर्सनानी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 18 लाख कीमत के ब्रांडेड मोबाइल व घड़ियां बरामद की। वह वेबसाइट पर दिए कस्टमर केयर नंबर पर बात करने वाले को सस्ते दाम पर ब्रांडेड इलेक्ट्रानिक्स सामान देने के नाम पर फंसाता था।

2.नाइजीरियन गैंग मेट्रोमोनियल वेबसाइट से शिक्षिका को ठगा
नाइजीरियन गैंग ने मेट्रोमोनियल वेबसाइट से एक शिक्षिका को शिकार बनाया। इस गैंग की शिकार शिक्षिका हरदोई की एक प्राइमरी स्कूल में पढ़ाती हैं। उन्हें नाइजीरियन गैंग ने विदेशी युवक से शादी कराने के नाम पर 608548 रुपये की ठगी की थी।

3.साइबर ठग कस्टमर केयर कर्मी बन खाते ले रहे जानकारी
निशातगंज सातवीं गली निवासी नेहा सिंह सेंगर के खाते से 95 हजार रुपए अचानक निकल गए। उनके मुताबिक 23 मार्च 2022 को उन्होंने ऑनलाइन शापिंग वेबसाइट ट्रेंडनोटिक से कुछ रजाई, साड़ी व अन्य घरेलू सामान का आर्डर किया था। कुछ देर बाद उनके पास एक नंबर से फोन आया। जिसने बातों में फंसाने के बाद कार्ड संबंधी जानकारी हासिल कर ली। उसके बाद खाते से 95 हजार रुपए कट गए।