24 घंटे में लखनऊ में सबसे ज्यादा केस सामने आए

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में कोरोना की रफ्तार दिन बीतने के साथ बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को 24 घंटे के भीतर 27,426 नए केस सामने आए। इसके बाद एक्टिव केस की संख्या डेढ़ लाख के पास पहुंच गई है। जबकि 103 संक्रमितों की मौत हुई है। कोरोना का सबसे अधिक कहर प्रदेश के चार जिले लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में दिख रहा है। इन चारों जिलों में आज 12 हजार से अधिक मरीज बढ़े हैं। इस बीच लोगों में संवेदना खत्म हो रही है। धैर्य भी टूट रहा है। इसकी बानगी लखनऊ में देखने को मिली।

लखनऊ में BJP के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह के संक्रमित बेटे संतोष कुमार सिंह ने आज एक ऑडियो जारी किया, जो CM हेल्पलाइन का बताया जा रहा है। बातों ही बातों में हेल्पलाइन की लड़की ने उन्हें मरने की सलाह दे डाली। पीड़ित संतोष सिंह ने कहा कि लखनऊ में इलाज भगवान भरोसे है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की है।

दो दिन बाद रिपोर्ट आई पॉजिटिव

संतोष सिंह ने बताया कि 10 अप्रैल को पूरे परिवार की कोरोना जांच की गई थी। 12 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद पूरा परिवार होम आइसोलेशन में है। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल केा सुबह 8:14 बजे कमांड ऑफिस स्वास्थ्य विभाग से 05222723468 से फोन आया। इसके बाद जो भी बात हुई, वह ऐसे है….

नमस्कार, CMS हेल्पलाइन से मैं शुचि बात कर रही हूं…

संतोष: हां बताइए सुन पा रहे हैं।

कॉलर: हां सुन पा रही हूं। संतोष कुमार से बात हो रही है। हमारी जानकारी के अनुसार आप होम आइसोलेशन में हैं। आपके द्वारा चिकित्सा विभाग के होम आइसोलेशन ऐप को डाउनलोड कर जानकारी भरी जा रही है।

संतोष: कोई सूचना नहीं दी गई है अभी तक। ना ही कोई ऐप डाउनलोड करने को बताया गया। न ही अभी तक किसी डॉक्टर ने संपर्क तक किया है।

कॉलर: मर जा मर जाओ ना फिर तुम, गवार तो हो ही..

मंत्री सुरेश खन्ना एक करोड़ रुपए डोनेट किया
प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कोविड महामारी में आमजन की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपए डोनेट किया है। यह डोनेशन आवश्यक संसाधनों पर खर्च किए जाएंगे। उन्होंने यह धनराशि क्षेत्र विकास निधि से दी है। इससे पहले कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने भी विधायक निधि से एक करोड़ रुपए डोनेट किया था, जो लखनऊ के मुख्य विकास अधिकारी के खाते में ट्रांसफर हो चुका है।

यूपी में अब रविवार को लॉकडाउन

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी रविवार को लॉकडाउन का ऐलान हो गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, रविवार को पूरा प्रदेश बंद रहेगा। इस दौरान केवल इमरजेंसी सेवाएं ही जारी रहेंगी। लॉकडाउन के दौरान हर जिलों में बड़े पैमाने पर सैनिटाइजेशन का काम होगा। इसके साथ ही योगी सरकार ने मास्क नहीं लगाने वालों पर भी सख्ती बढ़ाई गई है। मास्क नहीं पहनने पर पहली बार में 1,000 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि दूसरी बार नियम तोड़ा तो 10 हजार रुपए देने होंगे।

अब तक 9583 की मौत

प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि संक्रमण से प्रदेश में अब 9,583 लोगों की मौत हो चुकी है। कल 2,23,307 सैंपल की जांच की गई। जबकि अब तक 3,78,14,182 टेस्ट हो चुके हैं। अब तक 88,09,638 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। इनमें से 14,87,037 लोग अपनी दूसरी डोज ले चुके हैं। बता दें कि यूपी में गुरुवार को 22,439 नए संक्रमित मिले थे। जबकि 104 लोगों की मौत हुई थी। जबकि लखनऊ में 1445 लोगों की मौत हो चुकी। गुरुवार को लखनऊ में 5,183 नए संक्रमित मिले थे।