जानें आगरा में आधी रात को सड़क से क्यों हटाया मंदिर, लोगों ने जमकर किया हंगामा

Agra Zone UP

(www.arya-tv.com) नगर निगम की टीम ने सोमवार की आधी रात को सुल्तानगंज पुलिया फ्लाई ओवर के नीचे स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर को हटा दिया। जानकारी होने पर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी और दर्जनों कार्यकर्ता वहां जुट गए। उन्हाेंने नगर निगम पर मंदिर ध्वस्त करने का आरोप लगाते हुए हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। रात दो बजे तक हंगामा चलता रहा।

सुल्तानगंज पुलिया फ़्लाई ओवर के नीचे हनुमान मंदिर है। हिंदूवादी संगठन के मनोज अग्रवाल व राजकुमार जाट के अनुसार उक्त मंदिर करीब 70 साल पुराना है। सोमवार की आधी रात को नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर वहां पहुंची। उसने मंदिर को पूरी ध्वस्त कर दिया। जिसकी जानकारी हाेने पर वहां दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुंच गए। उन्होंने मंदिर को ध्वस्त करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।

रात 2.30 बजे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता वहां से चले गए। नगर निगम की टीम हनुमान जी की मूर्ति अपने साथ ले गई है। मलबा भी वहां से हटवा दिया है। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि अब वे उसी स्थान पर दोबारा मंदिर बनाएंगे।