88 साल के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के गर्वनर रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह को कोरोना हो गया है। उनका रसोइया तीन दिन पहले कोरोना पॉजिटिव आया था। इसके बाद शुरुआती लक्षण दिखने पर स्वास्थ्य विभाग ने कल्याण सिंह का भी सैंपल लिया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पूर्व राज्यपाल के निजी सचिव ने बताया कि पहले कल्याण सिंह को होम आइसोलेशन में रखा गया था। लेकिन शाम को डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें पीजीआई में शिफ्ट कराया गया है। डॉक्टर नजर रख रहे हैं।

अब तक प्रदेश सरकार के 17 मंत्री हो चुके हैं पॉजिटिव

राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण के हालात बेकाबू हैं। चार दिन पूर्व कारागार मंत्री जय कुमार जैकी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। वहीं, बलदेव सिंह औलख के अलावा समाज कल्याण राज्यमंत्री जीएस धर्मेश समेत समेत योगी सरकार के अब तक कुल 17 मंत्री कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

4 सितंबर को मोहसिन रजा मिले थे संक्रमित

चार सितंबर को अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा संक्रमित मिले थे। इसके अलावा मंत्री सतीश महाना की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। उससे पहले कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह भी संक्रमित हुए थे।इनके अलावा स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि और न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, खेल और युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी शामिल हैं। जबकि कोरोना से होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान और प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की मौत हो गई थी।