अक्षय तृतीया पर चमका सराफा बाजार, ऊंचे भाव के बीच ग्राहकों की उमंग बरकरार

# ## National

अक्षय तृतीया के अवसर पर रविवार को शहर का सराफा बाजार पूरे दिन गुलजार रहा। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल देखने को मिली और देर शाम तक खरीदारी का दौर जारी रहा। सहालग के साथ पड़े इस शुभ संयोग ने बाजार में अतिरिक्त रौनक भर दी, जिससे कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आए।

सोने-चांदी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर के करीब होने के बावजूद ग्राहकों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सोना करीब 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.56 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बनी रही। महंगे भाव के चलते ग्राहकों ने भारी गहनों की बजाय हल्के, स्टाइलिश और आकर्षक डिजाइन वाले आभूषणों को प्राथमिकता दी।

बाजार में महिलाओं और युवाओं की खासी भीड़ रही। कई परिवारों ने इस दिन को शुभ मानते हुए खरीदारी की, वहीं सहालग के चलते शादी-विवाह के लिए भी गहनों की जमकर खरीद हुई। ज्वेलरी शोरूमों पर नए कलेक्शन और आकर्षक ऑफर ग्राहकों को लुभाते नजर आए। गंज सराफा कमेटी के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने बताया कि अक्षय तृतीया हर वर्ष की तरह इस बार भी बाजार के लिए बेहद सकारात्मक रही। महंगाई के बावजूद ग्राहकों ने खरीदारी में रुचि दिखाई है। सहालग का सीजन होने से बिक्री को और गति मिली है।

बाजार का माहौल
त्योहार के चलते सराफा बाजार में सुबह से ही उत्सवी माहौल देखने को मिला। गंज, गुरहट्टी, मंडी चौक, कांठ रोड, दिल्ली रोड पर दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और कई स्थानों पर ग्राहकों को विशेष ऑफर दिए गए। भीड़ के कारण कई शोरूमों पर इंतजार की स्थिति भी बनी रही।

क्या रहा ट्रेंड
इस बार सराफा बाजार में हल्के वजन की चेन, रिंग, पेंडेंट सेट और कस्टमाइज्ड डिजाइन वाली ज्वेलरी ट्रेंड में रही। रोजमर्रा में पहनने योग्य और फ्यूजन स्टाइल के गहनों को युवाओं ने खासा पसंद किया, जबकि शादी के लिए भी हल्के लेकिन आकर्षक सेट की मांग बढ़ी।

क्या बोले कारोबारी
सराफा कारोबारी मुकेश गुप्ता ने बताया कि इस बार ग्राहकों की पसंद में बदलाव साफ दिख रहा है। लोग हल्के और डिजाइनर गहनों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। वहीं दिव्यांशु अग्रवाल का कहना है कि कीमतें ऊंची होने के बावजूद बिक्री अच्छी रही है, खासकर सहालग के कारण मांग बनी हुई है।

ग्राहकों की राय
ग्राहक पूजा शर्मा ने कहा कि अक्षय तृतीया पर कुछ न कुछ खरीदना शुभ माना जाता है, इसलिए हमने बजट के अनुसार हल्का गहना लिया। वहीं ग्राहक राजेश वर्मा ने बताया कि कीमतें ज्यादा हैं, लेकिन त्योहार और शादी के कारण खरीदारी जरूरी हो जाती है, इसलिए डिजाइन और वजन देखकर खरीदारी की।