अयोध्या : राम मंदिर के 1200 खम्भों का निर्माण 4 से 5 महीनों में होगा

UP

(www.aryatv.com)रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र ने कहा है कि मंदिर के लिए जमीन के अंदर बनने वाले 1200 खम्भों पर काम पहले शुरू होगा। एलएण्डटी यह काम दो-तीन दिन में शुरू कर देगी। सभी 1200 खम्भों का निर्माण चार-पांच माह में पूरा हो जाएगा। इसी पर मंदिर की इमारत खड़ी की जाएगी।

उन्होंने मंगलवार को यहां बताया कि आर्किटेक्ट फर्म सोमपुरा ने इसे डिजाइन किया है। आईआईटी चेन्नई मिट्टी की जांच कर रहा है। केंद्र सरकार चाहती है कि अयोध्या का विकास अंतरराष्ट्रीय मानक पर हो। उन्होंने कहा कि अयोध्या पुराना शहर है इसलिए उसके विकास में अलग तरह की चुनौतियां हैं। प्रदेश सरकार अयोध्या के विकास के लिए परियोजना तैयार कर रही है। श्री मिश्र का कहना है कि मंदिर निर्माण में सबसे बड़ी चुनौती राजस्थान से पत्थरों को लाना, उन्हें तराशना और फिर स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या हमारी राष्ट्रीयता और राष्ट्रीय एकता का प्रतिबिम्ब है। राम मंदिर को लेकर देश और दुनिया के तमाम लोग आस्था रखते हैं यह निर्माण उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप समय पर पूरा किया जाएगा। अयोध्या के कारण कई देशों से हमारे सांस्कृतिक रिश्ते हैं। अयोध्या के निर्माण से उन रिश्तों में और गहराई आएगी। उन्होंने कहा की रामराज्य का सपना गांधी जी ने भी देखा था। आज की सरकार उस सपने को पूरा कर रही है।